नगर निगम ने सोमवार को सासनीगेट चौराहे से फूल चौराहे तक अभियान चलाया।
अलीगढ़ में नगर निगम का अतिक्रमण अभियान लगातार जारी है। पुराने शहर में अतिक्रमण के कारण आमजनों को आए दिन परेशानी झेलनी पड़ती है और वाहनों के निकलने में समस्या होती है। ऐसे में नगर निगम ने सोमवार को अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कराए।
.
नगर निगम ने सासनीगेट चौराहे से फूल चौराहे तक अभियान चलाया और अवैध दुकानों व अतिक्रमण को ध्वस्त किया। इस दौरान लोगों को अल्टीमेटम भी दिया गया कि वह दुबारा रास्ते पर अतिक्रमण न करें। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी अतिक्रमण को चिन्हित करके नोटिस दिया गया।
घंटों जाम में परेशान होते थे लोग
ऊपरकोट, फूल चौराहा, सासनीगेट चौराहे पर सड़क लग फैले हुए अवैध अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है। आम राहगीरों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण घंटों तक जाम लगा रहता है।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के निर्देश के बाद टीमें लगातार शहर में अतिक्रमण को चिन्हित करके उन्हें हटाने का काम कर रही हैं। अतिक्रमण को चिन्हित करने के बाद दुकानदारों को नोटिस दिया जा रहा है कि वह खुद ही अपना अतिक्रमण हटा लें। जब वह खुद अतिक्रमण नहीं हटाते तो बुलडोजर की कार्रवाई करके अतिक्रमण को हटाया जा रहा है।
दुबारा अतिक्रमण करने वालों पर होगा मुकदमा
अतिक्रमण हटाने के बाद सभी को निर्देश दिए गए कि दुबारा वह अतिक्रमण बिल्कुल न करें। अगर वह ऐसा करते हैं तो उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नगर निगम एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर आयुक्त ने बताया कि शहर को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए शहर के अतिक्रमण को हटाना अनिवार्य है।

