Last Updated:
चलिए आज उस स्टारकिड से मिलवाते हैं जिनके साथ काम करके डायरेक्टर की नाक में दम आ गया था. उन्होंने उस स्टारकिड को अपनी अगली फिल्म से निकाल दिया था. एक फिल्म में उन्होंने तीन बड़े सुपरस्टार कास्ट किए जो सिर्फ करियर में एक बार ही साथ आए.
यूं तो आपने कई मल्टीस्टारर फिल्में देखी होंगी. जहां एक से एक धुरंधर साथ नजर आए. मगर एक फिल्म ऐसी थी जिसमें अपने अपने समय के तीन दिग्गज साथ में नजर आए. सिर्फ एक ही फिल्म थी जिसमें उनकी तिकड़ी देखने को मिली. नतीजा ये निकला कि वो फिल्म ब्लॉकबस्टर हिट बन गई.

मगर उसी फिल्म में एक स्टारकिड भी था जो फिल्म के लिए मुसीबत बन गया. पिता और मां सुपरस्टार रहे और ऐसे में बेटे ने भी फिल्मों में किस्मत अजमाई. मगर चढ़ती जवानी में वह नशे की बुरी लत में फंस गया. इसका असर उसके करियर पर भी हुआ और इस ब्लॉकबस्टर फिल्म पर भी.

दरअसल हम बात कर रहे हैं 1982 में आई ‘विधाता’ की. जिसमें पहली बार शम्मी कपूर, दिलीप कुमार और संजीव कुमार की तिकड़ी देखने को मिली थी. तीनों के ही काम को खूब पसंद किया गया था और डायरेक्टर की कमान सुभाष घई ने संभाली थी.

इस तिकड़ी के अलावा फिल्म में सुनील दत्त-नरगिस के बेटे संजय दत्त भी थे. रॉकी से डेब्यू करके हिट शुरुआत कर चुके संजय दत्त साल 1982 में ड्रग्स की लत में जकड़ चुके थे. उनकी इस हरकत से डायरेक्टर और मेकर्स भी काफी परेशान थे.

‘आईएमडीबी’ के मुताबिक, ‘विधाता’ के सेट पर कई बार संजय दत्त ड्रग्स के नशे में होते थे. इस चलते शूटिंग में भी दिक्कत आती थी. सुभाष घई तो स्टारकिड से इतना नाराज हो गए थे कि उन्होंने संजय दत्त को अपनी अगली फिल्म हीरो से निकाल दिया था.

कहा तो ये भी गया कि नशे के चलते संजय दत्त ने मेकर्स के साथ भी बदतमीजी की थी.इतना ही नहीं, जब ‘विधाता’ की डबिंग की बारी आई तो भी वह कई बार डायलॉग बोलने में लड़खड़ा जाते थे. ऐसे में घई इतना नाराज हुए कि उनके पिता से भी उनकी शिकायत कर दी थी.

दावा तो ये भी किया जाता है कि संजय दत्त का एक सीन दिलीप कुमार और शम्मी कपूर के साथ था. वह तब खड़े-खड़े ही सो गए थे. सालों बाद जब इस घटना का जिक्र हुआ तो संजय दत्त को इस बारे में कुछ याद नहीं था.े

बेशक संजय दत्त और सुभाष घई के बीच ‘विधाता’ के वक्त कितनी ही खटास आ गई थी लेकिन 10 साल बाद घई ने जूनियर दत्त के साथ 1993 में खलनायक बनाई जो कि ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.

‘विधाता’ फिल्म की बात करें तो इसे त्रिमूर्ति फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया था. जिसमें पद्मिनी कोल्हापुरे, सारिका, अमरीश पुरी, मदन पुरी, सुरेश ओबेरॉय से लेकर तमाम सितारे नजर आए थे.

