शाजापुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। कलेक्टर के निर्देश के बाद अब सार्थक ऐप के माध्यम से हाजिरी दर्ज की जाएगी और फर्जी अटेंडेंस पाए जाने पर एफआईआर दर्ज होगी।
.
सिविल सर्जन डॉ. बीएस मैना ने मंगलवार को लगभग 12 बॉन्ड डॉक्टरों को नोटिस जारी कर निर्देश दिए हैं। इसके तहत, सार्थक ऐप पर हाजिरी केवल अस्पताल परिसर में निर्धारित स्थान पर जाकर ही लगानी होगी। इसके लिए एक विशेष बैनर लगाया गया है, जिसके सामने तारीख लिखी होगी और वहीं से डॉक्टर को अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
यह कदम बीते दिनों सामने आई फर्जी तरीके से सार्थक ऐप पर उपस्थिति दर्ज करने की शिकायतों के बाद उठाया गया है। इन शिकायतों की जांच के लिए भोपाल से तीन सदस्यीय टीम भी शाजापुर पहुंची थी, हालांकि जांच में कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला था।
इसके बावजूद, कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए हैं कि यदि कोई चिकित्सक फर्जी अटेंडेंस लगाता पाया गया, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. बीएस मैना ने स्पष्ट किया है कि सभी डॉक्टरों को तय समय और स्थान पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा, अन्यथा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

