अजय कुमार | प्रयागराज2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के देवघाट परगना सदर में राजस्व भूमि पर अवैध प्लॉटिंग और कब्जा देने का मामला सामने आया है। एसडीएम सदर के आदेश पर आरोपी मोहम्मद मुस्लिम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह मामला आराजी संख्या 477, रकबा 0.0710 हेक्टेयर से संबंधित है। यह संक्रमणीय भूमिधर भूमि दो हिस्सों में बंटी हुई है। इसका आधा हिस्सा (355 वर्गमीटर) खालिद अजीम उर्फ अशरफ पुत्र हाजी फिरोज, निवासी 95-सी/5 चकिया के नाम दर्ज है। यह हिस्सा वर्ष 2008 में जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में लंबित गैंगस्टर एक्ट के एक मामले (वाद संख्या-05/2008, राज्य सरकार बनाम मोहम्मद अशरफ उर्फ खालिद) में धारा 14(1) के तहत कुर्क किया जा चुका है। इसकी प्रविष्टि वर्तमान खतौनी में भी दर्ज है।
आरोप है कि मोहम्मद मुस्लिम पुत्र मोहम्मद मिया, निवासी 139 चकिया, ने उक्त कुर्क भूमि के संपूर्ण भाग पर अवैध रूप से प्लॉटिंग कर लोगों को कब्जा दे दिया है। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया है कि मोहम्मद मुस्लिम ने अपने हिस्से से अधिक भूमि का भी विक्रय कर दिया है। इस संबंध में पहले भी थाना एयरपोर्ट में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
राजस्व टीम द्वारा की गई जांच में अवैध प्लॉटिंग की पुष्टि हुई। इसके बाद तहसीलदार सदर ने अपनी रिपोर्ट एसडीएम को भेजी। एसडीएम सदर ने अपने पत्र संख्या 2263(4)/एसटी-सदर/2025 दिनांक 01 दिसंबर 2025 के माध्यम से मोहम्मद मुस्लिम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी किया। इस तहरीर पर राजस्व निरीक्षक शहर दक्षिणी इम्तियाज अहमद और लेखपाल हरीश कुमार वर्मा के हस्ताक्षर व मोहर दर्ज हैं।
पुलिस ने अब इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

