- Hindi News
- National
- Weather Photos Update; MP UP Cold Wave | Rajasthan Bihar Kashmir Himachal Snowfall
नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कश्मीर घाटी में 40 दिन के चिल्लई कलां की शुरुआत रविवार से हो गई। पहले ही दिन गुलमर्ग-सोनमर्ग में 1 फीट तक बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे बर्फबारी जारी रह सकती है।
कश्मीर को जोड़ने वाले दो रास्ते मुगल रोड और सिंथन टॉप रोड बर्फबारी के कारण बंद किए गए हैं। श्रीनगर में खराब मौसम के कारण इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 फ्लाइट रद्द की गईं।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद बर्फीली हवाएं मैदानी राज्यों तक पहुंच रही हैं। इसके चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में तापमान लगातार गिरता जा रहा है।
मध्य प्रदेश के 16, यूपी के 40, राजस्थान के 10, बिहार के 24, हरियाणा के 12 और उत्तराखंड के 6 जिले कोहरे की चपेट में हैं। यूपी और झारखंड में सर्दी के कारण 4 लोगों की मौत हो चुकी है।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल और मनाली की चोटियों पर बर्फबारी से तापमान में 4 डिग्री तक गिर गया है। शिंकुला, जांस्कर घाटी और रोहतांग दर्रे पर बर्फ का नजारा देखने पहुंच रहे हैं।
फोटोज में देखें चिल्लई कलां का नजारा…

गुलमर्ग में बर्फबारी के बाद रिसॉर्ट के बाहर जमी बर्फ का नजारा।

गुलमर्ग सोनमर्ग में रविवार को 1 फीट तक बर्फबारी हुई।

मुगल रोड ब्लॉक हो गई। स्नो कटर से बर्फ को सड़क से हटाया जा रहा है।

अनंतनाग में चिल्लई कलां के पहले दिन जमकर बर्फबारी हुई।

बारामूला में बर्फबारी के साथ बारिश भी हुई। इससे ट्रैफिक स्लो रहा।

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बीते 24 घंटे में 8 इंच से 1 फीट के बीच बर्फबारी हुई।
देश के बाकी राज्यों से मौसम की तस्वीरें…

दिल्ली में प्रदूषण का असर है। कर्तव्यपथ पर वाटर स्प्रेयर से पानी छिड़का जा रहा है।

शिमला में माल रोड पर पर्यटकों की भीड़, लोग देशभर से यहां छुटि्टयां मनाने पहुंच रहे हैं।

राज्यों के अगले तीन दिन के मौसम का हाल…
23 दिसंबर: घना कोहरा और शीतलहर का असर
- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में घना कोहरा रहने की संभावना।
- जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ठंडी हवाएं और सर्दी/शीतलहर के प्रभाव का अनुमान।
- मैदानी इलाकों में विजिबिलिटी कम होने के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है।
- झारखंड में घना कोहरा और ठंड रहने का पूर्वानुमान।
24 दिसंबर: 4 राज्यों में कोहरा, 2 राज्यों में तेज सर्दी
- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड में घना कोहरा रहने की आशंका।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में कोल्ड वेव और तेज सर्दी जारी रहेगी।
- मैदानी इलाकों में विजिविलिटी बहुत कम होने की संभावना।
25 दिसंबर: कोहरा और ठंड का जारी प्रभाव
- पंजाब, हरियाणा, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में सुबह और रात में बहुत घना कोहरा रहने की संभावना।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के कई हिस्सों में कोहरा छाए रहने का अनुमान।


अब पढ़िए देश के बाकी राज्यों के मौसम का हाल ….
मध्य प्रदेश: शहडोल सबसे ठंडा, पारा 3.4 डिग्री पहुंचा, 16 जिलों में आज भी कोहरा

राज्य का उत्तरी हिस्सा कोहरे की चपेट में है। मुरैना, अशोकनगर, धार, भोपाल, जबलपुर समेत 16 जिलों में आज भी कोहरा छाया रहेगा। रविवार को राज्य में शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा। यहां शनिवार-रविवार की रात में कल्याणपुर में तापमान 3.4 डिग्री रहा। हिमालय की सर्द हवाओं से मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ा है। पढ़ें पूरी खबर…
उत्तर प्रदेश: ठंड से 2 की मौत, 40 जिलों में कोहरा, 50 से ज्यादा ट्रेनें लेट

बांदा में कड़ाके की ठंड की वजह से किसान और एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सर्दी की वजह से उसे दिल का दौरा पड़ा। इस बीच सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर सहित 40 जिलों में घना कोहरा छाया है। कई जगह विजिबिलिटी 10 मीटर तक पहुंच गई है। पढ़ें पूरी खबर…
राजस्थान: जयपुर में घना कोहरा, विजिबिलिटी 10 मीटर तक रह गई

सोमवार सुबह से जयपुर समेत कई जिलों में कोहरा छाया है। राजधानी के बाहरी इलाकों में विजिबिलिटी 10 मीटर तक ही रह गई। वहीं, बॉर्डर एरिया वाले जिले जैसलमेर, श्रीगंगानगर में भी घना कोहरा है। रविवार को सबसे ठंडा दिन अलवर रहा, जहां तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पढ़ें पूरी खबर…
छत्तीसगढ़: पेंड्रा-मैनपाट में ओस जमी, अंबिकापुर में पारा 4.6°

पेंड्रा और मैनपाट में ओस की बूंदें जमकर बर्फ बन गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में विजिबिलिटी काफी कम रहने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर…
बिहार: नालंदा में विजिबिलिटी 20 मीटर से कम, 24 जिलों में कोल्ड-डे, 5 जिलों में स्कूल बंद

प्रदेश के 24 जिलों में घने कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। इन जिलों में घना कोहरा भी छाया रहेगा। नालंदा में विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम है। पूर्णिया, अररिया, सीवान, भोजपुर, गोपालगंज और सीतामढ़ी में ठंड की वजह से 8वीं तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर…
हरियाणा: 12 जिलों में कोहरा, विजिबिलटी जीरो, गुरुग्राम में सरकारी कार्यालयों का समय बदला

प्रदेश के 12 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। करनाल-सिरसा समेत कई जिलों में विजिबिलिटी शून्य है। गुरुग्राम में सरकारी दफ्तरों का समय बदला गया है, अब ये सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुले रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर…
पंजाब: 6 दिन घने कोहरे का यलो अलर्ट, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

अमृतसर और जालंधर में धुंध के कारण विजिबिलिटी काफी कम है। वहीं, लुधियाना में कोल्ड डे दर्ज किया गया है, जबकि बठिंडा, अमृतसर, हलवारा और गुरदासपुर में घना कोहरा रिकॉर्ड किया गया। राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना है। पढ़ें पूरी खबर…

