शाजापुर के बेरछा स्थित कालीसिंध रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के बीच रेलवे ट्रैकमैन कमल मालवीय की मौत हो गई। कमल पाडली के रहने वाले थे।
.
घटना उस समय हुई, जब कमल अन्य मजदूरों के साथ ट्रेन से गिट्टी का ब्लॉक खाली कर रहे थे। इंजन पर काम करते समय वे अचानक बेहोश हो गए। साथी कर्मचारियों और लोको पायलट ने तुरंत उन्हें इंजन से उतारा। इसी दौरान उन्हें सीने में दर्द उठा और वे नीचे गिर पड़े।
रेलवे स्टाफ ने तत्काल कमल को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी बाबूलाल डाबी ने दोपहर करीब 12:30 बजे यह जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि, मृत्यु का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

