अजमेर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक परिवार के जलवा पूजन के दौरान रविवार रात आरोपियों ने जमकर उत्पात मचाया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। आरोप है कि चंद्रप्रकाश और उसके साथियों ने डंडे-लाठियों से हमला कर परिवार सदस्यों को जख्मी कर दिया।
.
कार से कुचलने का प्रयास भी किया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। पीड़ित परिवार ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर वीडियो और लिखित शिकायत सौंपी।
मौके पर मची अफरा तफरी।
पीड़ित सूरज राव ने बताया कि जयपुर रोड घूघरा इंद्रा कॉलोनी में रात करीब एक बजे आरोपी चंद्रप्रकाश असवार नशे की हालत में मौके पर पहुंचा और पैसों के लेनदेन की बात को लेकर विवाद करने लगा। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट में तब्दील हो गया।
आरोप है कि चंद्रप्रकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से जान से मारने के लिए हमला किया। असवार ने अपनी कार से परिवार के लोगों को कुचलने का भी प्रयास किया। पीड़ितों का कहना है कि यदि समय रहते लोग बीच-बचाव नहीं करते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इस सम्बन्ध में सिविल लाइन थाना प्रभारी शम्भूसिंह ने बताया-पुलिस को फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हमले में घायल हुआ युवक सूरज राव।

