गयाजी में राजनीति के बीच मानवीय पहल की एक तस्वीर सामने आई है। समृद्धि यात्रा के दौरान चोरी हुई बाइक के मामले में जदयू ने अपने कार्यकर्ता का साथ निभाया और नई बाइक खरीदकर गिफ्ट कर दी। यह पहल जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। आज जदयू जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा के नेतृत्व में मोहनपुर के कार्यकर्ता राकेश चौधरी को नई बाइक दी गई। उन्हें हौंडा साइन एसपी-125 सौंपा गया, जिसे पार्टी पदाधिकारियों ने आपसी सहयोग से खरीदकर दिया। बाइक की कीमत एक लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। आवाजाही में हो रही थी दिक्कत जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा ने बताया कि 20 मार्च को टनकुप्पा में प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान राकेश चौधरी की बाइक चोरी हो गई थी। घटना के बाद से वह काफी परेशान थे। क्योंकि पार्टी के कामकाज और आवागमन में उन्हें दिक्कत हो रही थी। जिला प्रवक्ता अवध बिहारी पटेल ने कहा कि राकेश चौधरी महादलित परिवार से आते हैं और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। बाइक नहीं रहने से उन्हें काफी परेशानी हो रही थी। ऐसे में जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सभी साथियों ने मिलकर आर्थिक सहयोग किया और उन्हें नई बाइक देने का निर्णय लिया। बाइक मिलने के बाद राकेश चौधरी की खुशी साफ दिखी। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से उनका मनोबल बढ़ा है और अब वे पहले की तरह सक्रिय होकर पार्टी के काम में जुट सकेंगे। उन्होंने जिलाध्यक्ष समेत सभी नेताओं का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इसे संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशीलता का उदाहरण बताया। जदयू जिला कार्यकारिणी की इस पहल ने यह संदेश दिया है कि संगठन अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा है। मुश्किल वक्त में मदद ही सबसे बड़ी ताकत बनता है, और जदयू ने इसी भावना को सामने रखा है।
Source link

