Last Updated:
Moong Dal Mangodi Recipe: बघेलखंड क्षेत्र में मूंग दाल की मंगोड़ी सबसे पसंदीदा डिश मानी जाती है. चटनी, कटे प्याज और हरी धनिया के साथ परोसी जाने वाली यह डिश हर गली-चौक पर करीब ₹10 प्लेट में आसानी से मिल जाती है. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं इसे पारंपरिक तरीके से घर पर बनाना ज्यादा पसंद करती हैं. जानिए घर में बनाने की रेसिपी.
Moong Dal Mangodi Recipe: मध्य प्रदेश के बघेलखंड क्षेत्र का पारंपरिक खानपान हमेशा से अपने देसी स्वाद और सेहतमंद गुणों के लिए पहचाना जाता रहा है. यहां की थाली में मौसम के अनुसार बनने वाले व्यंजन आज भी खास स्थान रखते हैं. उन्हीं में से एक प्रमुख और लोकप्रिय डिश है मूंग दाल की मंगोड़ी, जिसका नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. यह न केवल स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है.
सीधी निवासी रसोइया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया कि मंगोड़ी बघेलखंड में सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की हल्की फुल्की भूख तक में सबसे ज्यादा पसंद की जाती है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम रहने वाली मंगोड़ी खूब पसंद की जाती है, शहर के हर गली चौराहे पर ₹10 प्लेट मिलती है. क्योंकि, इसे बनाने की प्रक्रिया थोड़ी लंबी होती है. यही वजह है कि कई लोग इसे घर पर बनाने के बजाय बाहर खाना पसंद करते हैं. हालांकि, ग्रामीण क्षेत्र में आज भी लोग पारंपरिक तरीके से घर पर मंगोड़ी तैयार करते हैं.
सबसे पहले इतनी देर भिगोएं दाल
मंगोड़ी बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को 5 से 7 घंटे तक पानी में भिगोया जाता है. इसके बाद दाल को मिक्सी या सिल-बट्टे पर पीसकर दरदरा पेस्ट तैयार किया जाता है. इस पेस्ट में हरी मिर्च, अदरक, हींग और अन्य मसाले मिलाए जाते हैं. फिर इसे अच्छी तरह फेटकर तेल में तला जाता है, जिससे यह कुरकुरी और स्वादिष्ट बनती है. तैयार मंगोड़ी को चटनी के साथ बड़े चाव से खाया जाता है. कटे हुए प्याज और हरी धनिया की पत्ती के साथ स्वाद दोगुना हो जाता है.
सेहत के लिए फायदेमंद
आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ. आरपी परौहा के अनुसार, मूंग दाल की मंगोड़ी प्रोटीन और फाइबर का बेहतरीन स्रोत है. इसमें कोलेस्ट्रॉल नहीं होता, जिससे यह हृदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है. गर्मी के मौसम में मूंग दाल का सेवन शरीर के लिए बेहद लाभकारी होता है. इसकी तासीर ठंडी होती है, जिससे यह पाचन को बेहतर बनाती है और पेट को हल्का रखती है. मूंग दाल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करते हैं और लू व डिहाइड्रेशन से बचाव करते हैं.
इसके अलावा, यह शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करती है और वजन नियंत्रित रखने में सहायक होती है. इसमें मौजूद पोटेशियम ब्लड प्रेशर को संतुलित करता है और कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है. ऐसे में मूंग दाल की मंगोड़ी न केवल स्वाद का आनंद देती है, बल्कि सेहत का भी पूरा ख्याल रखती है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें

