Tuesday, April 28, 2026
Homeदेशगुजरात: नगर निगमों में बीजेपी का क्लीन स्वीप, AAP का दावा- हम...

गुजरात: नगर निगमों में बीजेपी का क्लीन स्वीप, AAP का दावा- हम दूसरे नंबर पर


Gujarat Nikay Chunav Results Live Updates: गुजरात में हाल ही में संपन्न हुए स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों ने एक बार फिर राज्य में भाजपा के दबदबे को साबित कर दिया है. बीजेपी ने सभी 15 नगर निगमों में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर क्लीन स्वीप किया है. आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट है कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मतदाताओं ने सत्ताधारी दल पर अटूट भरोसा जताया है. कुल 9992 सीटों में से 8068 सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिसमें भाजपा ने 6161 सीटों पर जीत दर्ज कर 76.4% का जबरदस्त स्ट्राइक रेट हासिल किया है.

महानगरपालिकाओं में क्या रहे नतीजे?

महानगरपालिकाओं में भाजपा का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा है. यहां 1044 में से 890 सीटों के नतीजे आए हैं, जिनमें से 804 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया है. इस क्षेत्र में पार्टी का स्ट्राइक रेट 90% से भी ऊपर रहा है. दूसरी ओर, कांग्रेस को मात्र 74 सीटों से संतोष करना पड़ा है, जो शहरी क्षेत्रों में उसकी कमजोर होती पकड़ को दर्शाता है.

ग्रामीण और नगरपालिकाओं में किसे मिली बढ़त?

नगरपालिकाओं और जिला पंचायतों में भी भाजपा ने अपनी बढ़त बनाए रखी है. नगरपालिकाओं की 2624 सीटों में से भाजपा को 1829 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस 402 सीटों पर सिमट गई है. जिला पंचायतों में भाजपा ने 82.3% के स्ट्राइक रेट के साथ 723 सीटें जीती हैं. तालुका पंचायतों में भी 5234 सीटों में से भाजपा ने 2805 सीटें जीतकर अपनी जमीनी मजबूती का प्रदर्शन किया है.

अन्य दलों और निर्दलीयों की क्या स्थिति है?

इस चुनाव में अन्य दलों और निर्दलीयों ने भी कुछ क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. कुल मिलाकर ‘अन्य’ के खाते में 592 सीटें गई हैं, जिनका स्ट्राइक रेट 7.3% रहा है. तालुका पंचायतों में निर्दलीयों ने 380 सीटों पर जीत हासिल की है, जो बताता है कि कुछ स्थानीय मुद्दों पर मतदाताओं ने मुख्य दलों से हटकर भी विकल्प चुने हैं. समग्र रूप से यह नतीजे राज्य की राजनीति में भाजपा की एकतरफा जीत और विपक्षी दलों के लिए आत्ममंथन का संकेत हैं.

Gujarat Nikay Chunav Results 2026 LIVE Updates | गुजरात निकाय चुनाव 2026 नतीजे लाइव

गुजरात निकाय चुनाव नतीजे LIVE: 15 के 15 नगर निगम में भाजपा का क्लीन स्वीप

गुजरात निकाय चुनाव के ताजा नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने सभी 15 नगर निगमों में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर क्लीन स्वीप कर दिया है. अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा और जामनगर जैसे बड़े शहरों में भी पार्टी ने अपना परचम लहराया. कुल 1044 सीटों में से भाजपा ने 850 से ज्यादा सीटों पर कब्जा जमाकर अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन किया है. नगर निगमों के साथ साथ नगरपालिका, जिला पंचायत और तालुका पंचायत में भी भाजपा भारी बढ़त बनाए हुए है.

गुजरात निकाय चुनाव रिजल्ट LIVE: सुरेंद्रनगर जिला पंचायत में भाजपा को जीत, मुली-2 सीट से राजू कारपड़ा विजयी

गुजरात निकाय चुनाव में सुरेंद्रनगर जिला पंचायत की मुली-2 सीट पर भाजपा उम्मीदवार और किसान नेता राजू कारपड़ा ने जीत दर्ज की है. राजू कारपड़ा पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े थे, लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे. पार्टी बदलने के बाद यह उनकी पहली बड़ी जीत है.

Gujarat Local Body Election Results LIVE: ‘गुजरात बदलाव के लिए तैयार’, बोले AAP के गोपाल राय

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने गुजरात निकाय चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जैसे जैसे परिणाम सामने आ रहे हैं, साफ दिख रहा है कि गुजरात के लोग बदलाव के लिए तैयार हैं. उन्होंने मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह एक सकारात्मक संकेत है. राय ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में ये आंकड़े और बढ़ेंगे और गुजरात की जनता को एक मजबूत विकल्प मिलेगा.

गुजरात निकाय चुनाव रिजल्ट LIVE: आप दफ्तर में जश्न, 380 सीट जीतने का दावा

गुजरात निकाय चुनाव के नतीजों के बीच आम आदमी पार्टी दफ्तर में जश्न का माहौल दिखा. ढोल नगाड़ों की गूंज और मिठाइयों के साथ कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई. पार्टी के गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने दावा किया कि अब तक आप 380 सीटें जीत चुकी है. उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है, जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर खिसक गई है.

Gujarat Local Body Election Results LIVE: राजकोट नगर निगम में कांग्रेस की सीटें बढ़ीं, भाजपा ने कई वार्ड में बढ़त बनाई

राजकोट नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने अपनी सीटों की संख्या 4 से बढ़ाकर 7 कर ली है. वार्ड 16 में कांग्रेस ने सभी 4 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि वार्ड 15 में उसे 3 सीटें मिलीं. वहीं भाजपा ने वार्ड 17, 18 और 3 में जीत हासिल कर अपना दबदबा बनाए रखा. वश्रराम सगठिया, जो पहले कांग्रेस छोड़कर आप में गए थे और फिर लौटे थे, वार्ड 15 से चुनाव हार गए. उन्हें भाजपा के उम्मीदवार निलेश राम हेरभा ने हराया. यह मुकाबला काफी चर्चा में रहा.

Gujarat Nikay Chunav Result Live Updates: बहुमत के बाद सी आर पाटिल बोले गुजरात के मतदाता दूरदर्शी

गुजरात निकाय चुनाव में बहुमत मिलने के बाद भाजपा नेता सी आर पाटिल ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि गुजरात के मतदाता बेहद समझदार हैं और वे हमेशा राज्य और देश के भविष्य को ध्यान में रखकर फैसला लेते हैं. पाटिल ने जीत का श्रेय जनता के भरोसे और पार्टी के काम को दिया. उन्होंने कहा कि यह जनादेश विकास और स्थिरता की नीति पर जनता की मुहर है, जो आगे भी जारी रहेगी.

Gujarat Local Body Election Results 2026 LIVE Updates: 15 में से 9 नगर निगम पर भाजपा का कब्जा, बाकी में मतगणना जारी

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के बीच भाजपा ने बड़ा प्रदर्शन करते हुए अब तक 15 में से 9 नगर निगम जीत लिए हैं. सुरेंद्रनगर, जामनगर, पोरबंदर, आनंद, नडियाद, नवसारी, वापी, सूरत और मोरबी में पार्टी ने आधे से ज्यादा सीटें हासिल कर स्पष्ट बढ़त बनाई. मोरबी नगर निगम में भाजपा ने सभी 52 सीटें जीतकर एकतरफा जीत दर्ज की. बाकी छह नगर निगमों में मतगणना जारी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

अहमदाबाद नगर निगम चुनाव रिजल्ट: खाडिया वार्ड में कांग्रेस की चारों सीटों पर ऐतिहासिक जीत

अहमदाबाद नगर निगम के खाडिया वार्ड में इस बार ऐतिहासिक नतीजे सामने आए हैं. कांग्रेस ने यहां चारों सीटों पर जीत दर्ज कर नया रिकॉर्ड बना दिया. पहली बार ऐसा हुआ है जब खाडिया वार्ड में कांग्रेस के सभी उम्मीदवार एक साथ विजयी हुए हैं. यह नतीजा स्थानीय राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है. लंबे समय से इस क्षेत्र में कड़ा मुकाबला देखने को मिलता रहा है, लेकिन इस बार मतदाताओं ने स्पष्ट जनादेश दिया.

Gujarat Local Body Election Results LIVE: नतीजों में भाजपा का दबदबा, हर स्तर पर भारी बढ़त

गुजरात निकाय चुनाव 2026 के ताजा आंकड़े साफ दिखाते हैं कि भाजपा ने पूरे राज्य में मजबूत पकड़ बना ली है. कुल 9992 सीटों में से 8068 के नतीजे सामने आ चुके हैं, जिनमें भाजपा को 6161 सीटें मिली हैं. कांग्रेस 1315 सीटों पर सिमटी है, जबकि अन्य के खाते में 592 सीटें गई हैं.

महानगरपालिका में भाजपा ने 804 सीटें जीतकर भारी बढ़त बनाई. नगरपालिकाओं में 1829 सीटों के साथ पार्टी आगे है. जिला पंचायत में 723 और तालुका पंचायत में 2805 सीटें जीतकर भाजपा ने अपना दबदबा कायम रखा है. आंकड़े बताते हैं कि इस बार चुनाव में विपक्ष पूरी तरह पिछड़ गया है.

गुजरात निकाय चुनाव परिणाम LIVE: सूरत में पुलिस की मौजूदगी में बीजेपी और कांग्रेस कैंडिडेट भिड़े

सूरत में स्थानीय निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान तनाव बढ़ गया. वार्ड नंबर 18 में भाजपा के जीते उम्मीदवार और कांग्रेस उम्मीदवार के बीच विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई तक पहुंच गया. घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस देखने को मिली. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार जीत के बाद जश्न और आरोपों को लेकर बहस शुरू हुई थी. पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में लिया. फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं.

Gujarat Nikay Chunav Result Live Updates: गुजरात निकाय चुनाव में आप को मिली संजीवनी, नर्मदा में हासिल की बड़ी जीत

गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजों में आम आदमी पार्टी ने नर्मदा जिला पंचायत की सत्ता हासिल कर बड़ी राजनीतिक बढ़त दर्ज की है. इस जीत को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब राज्य में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच माना जाता रहा है.

नर्मदा जिले के साथ-साथ डेडियापाड़ा विधानसभा क्षेत्र की तीनों तालुका पंचायतों में भी आम आदमी पार्टी को सफलता मिली है. इस जीत के बाद पार्टी नेता चैतर वसावा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सिर्फ पार्टी की नहीं बल्कि जनता की जीत है. उन्होंने कहा कि एक तरफ सत्ता, पैसा और अहंकार का दबाव था, जबकि दूसरी तरफ उनकी पार्टी जनता के काम और भरोसे के साथ मैदान में उतरी थी.

Gujarat Nikay Chunav Result Live: नर्मदा जिला पंचायत में आप का कब्जा, डेडियापाड़ा में बड़ी जीत

गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव 2026 में आम आदमी पार्टी ने नर्मदा जिले की जिला पंचायत में सत्ता हासिल कर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है. डेडियापाड़ा विधानसभा क्षेत्र की तीनों तालुका पंचायतों में भी पार्टी ने जीत दर्ज की. इस सफलता के बाद चैतर वासावा ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है. उन्होंने कहा एक तरफ सत्ता, धन और अहंकार था, दूसरी तरफ जनता के काम और भरोसे की ताकत थी, जिसने यह परिणाम दिया.

गुजरात निकाय चुनाव रिजल्ट LIVE: वापी में भाजपा की बड़ी जीत, मतगणना पर सीएम-डिप्टी सीएम की पैनी नजर

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना के बीच भाजपा ने शुरुआती दौर में ही मजबूत बढ़त बना ली है. सबसे बड़ी खबर वापी नगर निगम से आई, जहां भाजपा ने साफ जीत दर्ज कर बहुमत के आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया. पूरे राज्य में चल रही गिनती पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी लगातार नजर बनाए हुए हैं, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि पार्टी इस जीत को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है.

मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा का प्रदर्शन कई स्तरों पर प्रभावी दिख रहा है. बायड नगरपालिका में पार्टी ने सभी 24 सीटों पर कब्जा कर लिया, जिनमें बड़ी संख्या निर्विरोध रही. ऊना नगरपालिका में भी भाजपा ने 36 में से बहुमत पार करते हुए विपक्ष को खाता खोलने तक का मौका नहीं दिया. पाद्रा नगर पालिका में भी भाजपा ने बढ़त बनाए रखते हुए बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस सीमित सीटों पर सिमटती नजर आई.

तालुका पंचायतों और जिला पंचायतों के आंकड़े भी भाजपा के पक्ष में झुके हुए हैं. सैकड़ों सीटों पर जीत दर्ज कर पार्टी ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपनी पकड़ मजबूत साबित की है. नगर पालिकाओं और नगर निगमों में भी भाजपा का दबदबा साफ दिख रहा है, जहां कांग्रेस को बेहद सीमित सफलता मिली है.

इन चुनावों में कुल 15 नगर निगम, 84 नगर पालिकाएं, 34 जिला पंचायतें और 260 तालुका पंचायतें शामिल रहीं. वोटिंग प्रतिशत भी संतुलित रहा, जिससे यह साफ है कि मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की. अब सभी की नजर अंतिम नतीजों पर टिकी है, जो दिन के अंत तक सामने आने की उम्मीद है.

Gujarat Nikay Chunav Result Live Updates: गुजरात के सिंघम की निकाय चुनाव में हुई हार

Gujarat Nagar Nigam Chunav Result Live Updates: गुजरात में ‘सिंघम’ की छवि वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी और भाजपा उम्मीदवार मनोज निनामा को निकाय चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है. उन्होंने अरावली जिले की सबसे चर्चित ओड सीट से चुनाव लड़ा था. भाजपा के मनोज निनामा को 2700 वोटों से हार का सामना करना पड़ा है.

Surat Nagar Nigam Chunav Result Live Updates: सूरत में AAP का सूपड़ा साफ, 27 से सीधा शून्य पर पहुंची

Gujarat Nikay Chunav Results Live Updates: सूरत नगर निगम में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन बेहद खराब ​​दिख रहा है. पिछले साल 27 सीटें जीतने वाली आप अभी तक यहां से अपना खाता भी नहीं खोल पाई है. दोपहर 1 बजे तक आए नतीजों में भाजपा 43 सीटों के साथ आगे चल रही है और कांग्रेस को सिर्फ 1 सीट मिली है.

Vadodara Nagar Nigam Chunav Result Live Updates: वडोदरा नगर निगम में 30 में से 25 सीटों पर बीजेपी की जीत, चार पर अटकी कांग्रेस

Gujarat Nikay Chunav Results Live Updates: गुजरात में वडोदरा नगर निगम की 76 सीटों में से 30 के नतीजे सामने आ चुके हैं. इनमें से 25 सीटों पर बीजेपी का कमल खिला है, जबकि कांग्रेस के हाथ में चार सीटें आती दिख रही हैं, वहीं एक सीट अन्य के खाते में दिख रही है.

Gujarat Nagar Nigam Chunav Result Live Updates: गुजरात निकाय चुनाव में ओवैसी की AIMIM की जोरदार एंट्री

Gujarat Panchayat Election Result Live Updates: गुजरात निकाय चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने जबरदस्त एंट्री की है. यहां दिंद्रोल तालुका पंचायत सीट में एआईएमआईएम के उम्मीदवार ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को हराकर जीत दर्ज की है. वहीं सिद्धपुर पंथक में पहली बार एआईएमआईएम का खाता खुला है. अब्बास अलीमद असामी को 1877 वोटों से दिंद्रोल तालुका पंचायत सीट का विजेता घोषित किया गया है.

Surat Nikay Chunav Result Live Updates: सूरत में बीजेपी ने किया क्लीन स्वीप, कांग्रेस-आप हो गई साफ

Gujarat Panchayat Election Result Live Updates: सूरत के ओलपाड में बीजेपी ने एक बार फिर क्लीन स्वीप किया है. यहां जिला पंचायत की सभी 5 सीटों और तालुका की 24 सीटों पर भाजपा का झंडा लहराया है. ओलपाड तालुका में कांग्रेस और आम आदमी की करारी हार हुई है.

Gujarat Panchayat Election Result Live Updates: भेसन सीट पर बीजेपी को आप ने दिया बड़ा झटका, अहमदाबाद में जीती कांग्रेस

Gujarat Nikay Chunav Results Live Updates: भेसन जिला पंचायत सीट पर बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. यहां से चुनाव लड़ से बीजेपी के पूर्व विधायक भूपत भयानी 1700 वोटों से हार गए हैं. आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दिनेश रूपारेलिया जीत गए हैं. वहीं दूसरी तरफ अहमदाबाद के बहरामपुरा वार्ड 35 में कांग्रेस पैनल विजयी रहा है. इसके अलावा कांग्रेस ने केसार्डी सीट पर भी जीत दर्ज की है.

Gujarat Nagar Palika Chunav Result Live Updates: महानगरपालिका की 228 में से 212 पर बीजेपी का दबदबा, कांग्रेस को 14 सीटों पर संतोष

Gujarat Nikay Chunav Results Live Updates: गुजरात के महानगरपालिका चुनाव नतीजों की बात करें तो कुल 1,044 सीटों में से 228 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं. इनमें बीजेपी ने 212 सीटों पर कब्जा जमाती दिख रही है, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 14 सीटों से संतोष करना पड़ा है, जबकि 2 सीटों पर अन्य उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं.





Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments