Sunday, May 3, 2026
Homeराज्यराजस्तानउदयपुर में सरेराह गुंडागर्दी: बीच सड़क बाइक खड़ी करने से टोका...

उदयपुर में सरेराह गुंडागर्दी: बीच सड़क बाइक खड़ी करने से टोका तो व्यापारी और बेटे पर हथौड़ों से हमला, गंभीर हालत में पिता अहमदाबाद रेफर – Udaipur News



उदयपुर जिले के ऋषभदेव में शनिवार को एक मामूली सी बात ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। कस्बे के चौराहा रोड पर एक व्यापारी और उनके बेटे पर बदमाशों ने सरेआम हमला कर दिया। इस घटना के बाद पूरे बाजार में माहौल गर्मा गया। घटना के बाद व्यापारियों में गुस्सा है। यह पूरा विवाद सिर्फ गाड़ी साइड में खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट और जानलेवा हमले में बदल गया। घटना की शुरुआत शनिवार दोपहर करीब 4 बजे की है। ऋषभदेव निवासी व्यापारी कन्हैयालाल पंचाल अपनी स्कूटी लेकर बाजार गए थे। वहां रास्ते में कुछ युवकों ने अपनी मोटरसाइकिल बीच सड़क पर खड़ी कर रखी थी। जब कन्हैयालाल ने उन्हें गाड़ी साइड में करने के लिए कहा, तो वे युवक भड़क गए और उन्हें धमकियां देने लगे। कन्हैयालाल वहां से अपनी दुकान ‘श्री केसरियाजी वेल्डिंग वर्कशॉप’ लौट आए, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। कन्हैयालाल के बेटे विजय पंचाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि एक युवक पीछा करते हुए उनकी दुकान तक पहुंच गया। उसने वहां गाली-गलौज शुरू कर दी और फोन करके अपने दूसरे साथियों को भी बुला लिया। कुछ ही देर में 3-4 मोटरसाइकिलों पर करीब 8 से 10 लोग वहां पहुंचे और दुकान के अंदर घुस गए। इन लोगों ने कन्हैयालाल पर जान से मारने की नीयत से हथौड़ों, पत्थरों और लात-घूसों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पिता को बचाने आए विजय पर भी बदमाशों ने हमला किया और एक बाइक सवार ने तो उन्हें कुचलने की कोशिश भी की। शोर सुनकर जब आसपास के लोग और दुकान के कर्मचारी मदद के लिए दौड़े, तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। विजय ने बताया कि भागते हुए बदमाशों में से एक की बाइक का नंबर नोट कर लिया। उन्हें शक है कि हमला करने वाले भूदर और कानूवाड़ा के श्रीपाल, दीपक मीणा और उनके साथी हो सकते हैं। इस हमले में पिता-पुत्र दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। कन्हैयालाल के सिर से काफी खून बहने और अंदरूनी चोटें होने के कारण उन्हें पहले ऋषभदेव के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें उदयपुर के अमेरिकन हॉस्पिटल रेफर किया गया। हालत ज्यादा बिगड़ने पर अब उन्हें इलाज के लिए अहमदाबाद ले जाया गया। इस वारदात की खबर फैलते ही ऋषभदेव के व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। विजय पंचाल ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी रिकॉर्डिंग और हमले में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा भी पुलिस को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश कर रही है। इनपुट – शुभम जैन, ऋषभदेव।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments