- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) ने शनिवार को ओडिशा के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मिसाइल परीक्षण सेंटर से अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण किया। इस मिसाइल में मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टार्गेटेड री-एंट्री व्हीकल (MIRV) सिस्टम लगाया गया है, जिससे एक साथ कई टारगेट को निशाना बनाया जा सकता है। परीक्षण के दौरान मिसाइल ने अलग-अलग जगहों पर मौजूद कई टारगेट्स को सफलतापूर्वक हिट किया। ये सभी लक्ष्य हिंद महासागर क्षेत्र में फैले हुए थे।
आज की अन्य खबरें…
बिहार में टीचिंग जॉब के उम्मीदवारों पर लाठीचार्ज, राहुल बोले- देश के युवा BJP के झूठ से तंग आ चुके हैं

कांग्रेस MP राहुल गांधी ने शनिवार को BJP सरकार पर बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने बिहार में प्रदर्शन कर रहे टीचर उम्मीदवारों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की आलोचना की। कांग्रेस नेता ने X पर एक पोस्ट में लिखा-
कल पटना में टीचर उम्मीदवार जो अपने रोजगार के अधिकार के लिए शांति से विरोध कर रहे थे, उन्हें बिहार पुलिस ने फिर से बेरहमी से पीटा। बेरोजगार युवाओं को BJP का जवाब: लाठियां। बेरोजगारी आज भारत में सबसे बड़ी बीमारी है और इसका सबसे बुरा असर बिहार और उत्तर प्रदेश के युवाओं पर पड़ रहा है।

उन्होंने लिखा- लाखों युवा, डिग्री और हुनर लेकर दर-दर भटक रहे हैं। लेकिन BJP सरकार को न तो उनकी परवाह है और न ही आपकी। जब युवा अपना हक मांगने के लिए सड़कों पर उतरते हैं तो उन्हें नौकरी नहीं दी जाती बल्कि उनकी पीठ पर लाठियां बरसाई जाती हैं। भारत के युवा BJP के झूठ से तंग आ चुके हैं। वे अब चुप नहीं रहेंगे। कांग्रेस हर मोड़ पर उनके साथ खड़ी है।
प्रसार भारती सचिवालय परिसर में ट्रांसफार्मर जला, कोई हताहत नहीं

दिल्ली के प्रसार भारती सचिवालय में शनिवार को एक ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।
फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने बताया कि आग ट्रांसफॉर्मर तक ही सीमित रही, जिससे अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मणिपुर- KNA-B द्वारा अगवा की गई महिला को असम राइफल्स ने छुड़ाया

मणिपुर के कामजोंग जिले में कुकी नेशनल आर्मी-बर्मा (KNA-B) और विलेज वालंटियर्स ईस्टर्न जोन द्वारा अगवा की गई एक महिला को असम राइफल्स ने शनिवार को छुड़ा लिया। महिला को Z चोरो गांव के दक्षिण में इंटेलिजेंस और अन्य एजेंसियों की निगरानी में रिहा कराया गया। 7 मई को भारत-म्यांमार सीमा के पास हुई हिंसा में 10 घर प्रभावित हुए थे और 15 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया था। इस दौरान KNA-B के एक हथियारबंद कैडर को भी हथियार सहित गिरफ्तार किया गया।
बेंगलुरु-मैसूर हाईवे पर कार पलटने से पिता-बेटे की मौत, बेटी गंभीर

बेंगलुरु-मैसूर हाईवे पर शनिवार को कार पलटने से पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि 14 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मांड्या जिले के कोननहल्ली के पास हुआ।
मृतकों की पहचान किरण (40) और उनके बेटे किशोर (15) के रूप में हुई है। परिवार शादी समारोह से लौट रहा था, तभी चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
कार पहले पलटी। इसके बाद डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरे पार चली गई और सामने से आ रही KSRTC बस से भी टकरा गई। घायल लड़की को MIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केरल- ट्रेन में सोती नाबालिग लड़की से यौन उत्पीड़न, 40 साल का आरोपी गिरफ्तार

केरल के कोल्लम में पलारुवी एक्सप्रेस के जनरल कोच में गुरुवार रात एक नाबालिग तमिल लड़की के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया। लड़की अपने दादा के साथ एडतुआ चर्च की तीर्थयात्रा से तमिलनाडु के तेनकासी लौट रही थी। वह दादा के बगल में फर्श पर सो रही थी, तभी यह घटना हुई। पुनालुर रेलवे पुलिस ने 40 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर बैंकॉक के 2 यात्रियों के बैग से 35 करोड़ का गांजा मिला

दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने बैंकॉक से आए दो यात्रियों के पास से 35 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। इसकी कीमत 34.93 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
दोनों यात्री थाई एयरवेज की फ्लाइट TG-323 से आए थे। सिक्योरिटी चेक के दौरान एक्स-रे जांच में बैग संदिग्ध मिलने पर तलाशी ली गई, जिसमें 31 वैक्यूम-सील पैकेट मिले।
दोनों आरोपियों को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। इससे पहले 26 अप्रैल को कोलकाता एयरपोर्ट पर भी बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से 36 लाख रुपये का 1.148 किलो गांजा बरामद हुआ था।
पुणे में NCP(SP) नेता पर स्याही फेंकी गई, पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी

पुणे में एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रवक्ता विकास लवांडे पर हुए हमले ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। जानकारी के अनुसार, जब वे एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तब उन पर स्याही फेंकी गई और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
हमलावरों का आरोप है कि लवांडे ने वारकरी संप्रदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस घटना के विरोध में लवांडे ने पुलिस स्टेशन पर धरना दिया, वहीं विधायक रोहित पवार ने इस हमले की निंदा करते हुए उनके लिए सुरक्षा की मांग की है।


