Last Updated:
फिल्म स्टार रणबीर कपूर ने अयोध्या में सरयू नदी के तट पर 3.31 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी है. उन्होंने ‘द सरयू’ नाम के लग्जरी प्रोजेक्ट में 2,134 वर्ग फीट का प्लॉट लिया है, जिसे वे अपने परिवार की विरासत मानते हैं. रणबीर कपूर के अनुसार, यह फैसला अयोध्या की सांस्कृतिक पुकार का जवाब है. दिलचस्प बात यह है कि रणबीर से पहले अमिताभ बच्चन भी अयोध्या में भारी निवेश कर चुके हैं. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ फिल्म में रणबीर के साथ साई पल्लवी, यश और सनी देओल जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे.
रणबीर कपूर ने ‘रामायण’ की रिलीज से पहले बड़ा कदम उठाया है.
नई दिल्ली: रणबीर कपूर इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर हर तरफ छाए हुए हैं, लेकिन इस बार चर्चा फिल्म की शूटिंग से ज्यादा उनकी एक खास इनवेस्टमेंट को लेकर हो रही है. खबर है कि सिल्वर स्क्रीन पर भगवान राम का किरदार निभाने जा रहे रणबीर ने असल जिंदगी में भी राम नगरी अयोध्या से नाता जोड़ लिया है. उन्होंने अयोध्या में सरयू नदी के किनारे बसे एक बेहद आलीशान प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ में करीब 3.31 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी है. 2,134 वर्ग फीट का यह प्लॉट उनके परिवार के लिए एक खास विरासत की तरह होगा. रणबीर का कहना है कि अयोध्या ने उन्हें खुद चुना है और उन्होंने बस उस पुकार का सम्मान किया है. यह जमीन ‘हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ के उस भव्य प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जो सरयू के किनारे 75 एकड़ में फैला हुआ है और जहां लग्जरी सुविधाओं के साथ-साथ एक बड़ा शाकाहारी होटल भी बन रहा है.
देखा जाए तो अयोध्या अब बॉलीवुड सितारों का पसंदीदा ठिकाना बनता जा रहा है. रणबीर कपूर से पहले सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी यहां भारी-भरकम निवेश कर चुके हैं. बिग बी ने तो अलग-अलग मौकों पर अयोध्या में करोड़ों की जमीन खरीदी है, जिससे साफ पता चलता है कि फिल्मी गलियारों में इस ऐतिहासिक शहर का महत्व कितना बढ़ गया है. रणबीर के लिए यह प्लॉट खरीदना न सिर्फ एक प्रॉपर्टी डील है, बल्कि एक इमोशनल फैसला भी है क्योंकि वह अयोध्या को भारतीय संस्कृति और इतिहास का सबसे अहम हिस्सा मानते हैं. यह प्रोजेक्ट न केवल प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है, बल्कि यहां रहने वालों को मॉडर्न सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक शांति का अनुभव भी मिलेगा, जो रणबीर के इस फैसले को और भी खास बनाता है.
अयोध्या की मिट्टी से हुआ जुड़ाव
दूसरी ओर, रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस मेगा बजट फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी. फिल्म की स्टार कास्ट काफी तगड़ी है, जिसमें रावण के रूप में यश, हनुमान के रोल में सनी देओल और लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे जैसे सितारे अपनी कला का जौहर दिखाएंगे. म्यूजिक की कमान एआर रहमान और हॉलीवुड के दिग्गज हंस जिमर के हाथों में है. ऐसे में रणबीर का फिल्म की रिलीज से पहले अयोध्या में घर बसाने की तैयारी करना उनके फैन्स के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है. अुयोध्या की मिट्टी से जुड़ने का यह कदम उनके फिल्मी किरदार और असल जिंदगी, दोनों के लिहाज से एक नया चैप्टर शुरू करने जैसा है.
About the Author

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें

