बुरहानपुर में भुसावल से खंडवा तक प्रस्तावित तीसरी और चौथी रेलवे लाइन के निर्माण से वन भूमि प्रभावित होगी। इसी संबंध में खंडवा सीसीएफ बासु कनौजिया ने शुक्रवार को नेपानगर का दौरा किया।
.
सीसीएफ कनौजिया ने नेपानगर-सागफाटा रोड पर स्टेशन के पीछे वन क्षेत्र का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ कुछ रेलवे अधिकारी भी मौजूद थे, जिनसे उन्होंने परियोजना को लेकर चर्चा की।
नेपानगर एसडीओ विक्रम सुलिया ने बताया कि सीसीएफ ने सबसे पहले डेहरिया बीट का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने सीवल और नेपानगर स्थित वन रोपणी का भी दौरा किया। बाद में, वे रतागढ़ में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचीं।
इस निरीक्षण के दौरान बुरहानपुर डीएफओ विद्याभूषण सिंह, नेपानगर रेंजर और नावरा रेंजर पुष्पेंद्र जादौन सहित अन्य वन अधिकारी भी उपस्थित थे।
सीसीएफ ने वन अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की सभी वन रोपणियों में बारिश से पहले अच्छी गुणवत्ता के पौधे तैयार किए जाएं। उन्होंने समय पर पौधों के परिवहन की भी ताकीद की, क्योंकि आगामी बारिश के मौसम में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाना है।
उन्होंने पौधों की उपलब्धता की जानकारी ली और किसी भी कमी को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। निरीक्षण के बाद सीसीएफ खंडवा के लिए रवाना हो गईं।

