Last Updated:
शाम की चाय के साथ गर्मागर्म पकोड़े खाने का मजा ही अलग होता है. अगर आप प्याज के पकोड़ों से हटकर कुछ नया और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो लौकी के कुरकुरे पकोड़े बेहतरीन विकल्प हैं. स्वाद में शानदार और बनाने में आसान यह स्नैक हर उम्र के लोगों को पसंद आता है.
हर घर में प्याज के पकोड़े तो हमेशा ही बनते है, लेकिन क्या आपने लौकी के पकोड़े कभी खाए हैं. अगर नहीं तो हम आज आपको लौकी के पकोड़ों के बारे में बताने जा रहे हैं. जिसके आगे प्याज के पकोड़ों का स्वाद भी फीका लगेगा.

गर्मी के मौसम में शाम की चाय के साथ अगर गर्मागर्म और कुरकुरे पकोड़े मिल जाएं, तो स्वाद दोगुना हो जाता है. आमतौर पर लोग प्याज, आलू या पालक के पकोड़े खाना पसंद करते हैं, लेकिन जो लोग प्याज नहीं खाते उनके लिए लौकी के पकोड़े एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं.

स्वाद और सेहत से भरपूर लौकी के पकोड़े इन दिनों लोगों की पसंद बनते जा रहे हैं. खास बात यह है कि ये पकोड़े स्वाद में किसी भी तरह से प्याज के पकोड़ों से कम नहीं लगते. लौकी से बनी यह डिश हल्की, हेल्दी और पचने में आसान होती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी इसे बड़े चाव से खाते हैं. सुबह के नाश्ते में, शाम की चाय के साथ या छुट्टियों में कुछ अलग बनाने के लिए लौकी के पकोड़े एक शानदार विकल्प हो सकते हैं. इन्हें तैयार करना भी बेहद आसान है और कम समय में स्वादिष्ट स्नैक बनकर तैयार हो जाता है.

लौकी के पकोड़े बनाने के लिए सबसे पहले ताजी और नर्म लौकी का चुनाव करना जरूरी है. लौकी को अच्छी तरह धोकर उसका ऊपरी छिलका उतार लें. इसके बाद लौकी को कद्दूकस करके एक बड़े बर्तन में निकाल लें. अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें.

स्वाद बढ़ाने के लिए लाल मिर्च पाउडर, साबुत धनिया बीज, पुदीना पत्तियां और स्वादानुसार नमक मिलाएं. इसके बाद मिश्रण में बेसन डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. ध्यान रखें कि मिश्रण ज्यादा पतला न हो. यदि जरूरत लगे तो थोड़ा और बेसन मिलाया जा सकता है.

अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और तैयार मिश्रण को छोटे-छोटे हिस्सों में तेल में डालकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तैयार लौकी के पकोड़ों को हरी चटनी, टोमैटो सॉस या दही के साथ परोसा जा सकता है. बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम ये पकोड़े हर किसी का दिल जीत लेते हैं.

खासतौर पर गर्मी की छुट्टियों में घर पर बनने वाला यह स्नैक बच्चों और मेहमानों दोनों को खूब पसंद आता है. अगर आप भी इस मौसम में कुछ नया और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो लौकी के कुरकुरे पकोड़े जरूर बनाएं. स्वाद और सेहत का यह शानदार मेल आपके परिवार को भी बेहद पसंद आएगा.

