मथुरा में पुलिस भर्ती परीक्षा सोमवार को जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वीडीपी राजकीय इंटर कॉलेज, सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज और श्री गुरु कार्ष्णि इंटर कॉलेज सहित कई केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सीसीटीवी कंट्रोल रूम, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सुरक्षा इंतजाम, प्रकाश व्यवस्था और शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाओं को परखा गया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली। जिले के सभी केंद्रों पर पहले दिन कुल 12 हजार 480 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 4,781 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,459 अनुपस्थित थे, जिससे उपस्थिति प्रतिशत 76.61 रहा। दूसरी पाली में 4,891 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 1,349 अनुपस्थित रहे, इस हिसाब से पहली पाली में 76.61 प्रतिशत व दूसरी पाली में उपस्थिति प्रतिशत बढ़कर 78.38 प्रतिशत दर्ज किया गया। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत आसान बताया। नोएडा से आए एक अभ्यर्थी ने कहा कि पेपर सरल था और अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम पर आधारित थे। वहीं, बुलंदशहर से आए एक अन्य परीक्षार्थी ने अनुमान लगाया कि प्रश्नपत्र आसान होने के कारण इस बार मेरिट अधिक जा सकती है। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की गई। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर संतोष व्यक्त किया।
Source link
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: 75% से अधिक रही उपस्थिति, मथुरा में डीएम-एसएसपी ने संभाली कमान – Mathura News
RELATED ARTICLES

