पुणे20 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने गुरुवार सुबह पुणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पुणे में प्रदर्शन कर रही है। सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी (SPPU) कैंपस में सैकड़ों छात्र और समर्थक पोस्टर-बैनर लेकर जुटे हैं।
प्रदर्शन में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी पहुंचे हैं। पार्टी थोड़ी देर में शिक्षा घोषणापत्र जारी करेगी। इसमें पेपर लीक रोकने, समय पर रिजल्ट घोषित करने, भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और परीक्षा एजेंसियों की जवाबदेही तय करने जैसे मुद्दे होंगे।
इससे पहले, पुणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी वायरल तस्वीर को AI जनरेटेड बताया। उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री से कैसे मिल सकता हूं? मैं अमेरिका में सिर्फ एक स्टूडेंट था। सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री से मिलने की प्रक्रिया कितनी सख्त होती है।”
दीपके का यह बयान शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दीपके भारत आने से पहले अमेरिका में प्रधानमंत्री मोदी से मिले थे। राउत ने दावा किया था कि उन्हें दोनों की एक तस्वीर भेजी गई है।
CJP के प्रदर्शन की 3 तस्वीरें…

पुणे में CJP के प्रदर्शन के दौरान एक युवक पेपर लीक के विरोध में डायपर चिपका पोस्टर लेकर पहुंचा। पोस्टर पर लिखा था- यह NTA के लिए है।

प्रदर्शन में कई युवा हाथों में संविधान की प्रतियां लेकर पहुंचे। अभिजीत दीपके ने 6 जून को दिल्ली में समर्थकों से संविधान साथ लाने की अपील की थी।

एक युवक मराठी में लिखा पोस्टर लेकर पहुंचा। इसका हिंदी मतलब है- देश में नरेंद्र, राज्य में देवेंद्र और पेपर लीक कराने में धर्मेंद्र।

दीपके ने प्रदर्शन से पहले वांगचुक के साथ X पर वीडियो शेयर किया और लिखा- पुणे के लोगों, क्या आप प्रदर्शन के लिए तैयार हैं?
CJP के प्रदर्शन को लेकर SPPU में कड़ी सुरक्षा
CJP के प्रदर्शन को लेकर पुणे पुलिस ने सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी (SPPU) में सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रदर्शन की निगरानी के लिए कैंपस और आसपास के इलाकों में 21 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही वीडियोग्राफी टीमें भी तैनात की गई हैं।
पुलिस ने अलग-अलग थानों से अतिरिक्त बल और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की है। आयोजकों का दावा है कि प्रदर्शन में 3 से 4 हजार छात्र और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पुणे के बाद जयपुर-लखनऊ और अन्य शहरों में प्रदर्शन
दीपके ने 11 जून से देश भर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। पुणे से इसकी शुरुआत हुई है। पुणे के बाद CJP का प्रदर्शन जयपुर, लखनऊ, अमृतसर और बेंगलुरु समेत कई शहरों तक जाएगा।
इसके बाद 20 जून को प्रदर्शनकारी दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचेंगे। 6 जून को पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना पहला प्रदर्शन किया था। 5 घंटे चले प्रदर्शन में हजारों लोगों की भीड़ जुटी थी।

CJI की टिप्पणी के बाद बनी CJP, युवाओं को कॉकरोच कहा था
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई। 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करते हैं।
इस टिप्पणी के अगले दिन, 16 मई को अमेरिका में रह रहे अभिजीत दीपके ने CJP की शुरुआत की और सोशल मीडिया पर पार्टी के अकाउंट बनाए। इसके बाद 22 मई को उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक ऑनलाइन याचिका शुरू की, जिसे 8 लाख से अधिक लोगों का समर्थन मिलने का दावा किया गया।
CJP बनने के महज 26 दिनों में इंस्टाग्राम पर उसके फॉलोअर्स 2.27 करोड़ तक पहुंच गए हैं। यह संख्या भाजपा के 94 लाख और कांग्रेस के 1.37 करोड़ फॉलोअर्स से ज्यादा है। एक्स पर CJP के 2.75 लाख फॉलोअर्स हैं।


——————————
ये खबर भी पढ़ें…
जंतर-मंतर पर ‘मैं भी अन्ना’ की जगह ‘मैं हूं कॉकरोच’: 5 घंटे का प्रोटेस्ट, उम्मीद से कम भीड़; कॉकरोच जनता पार्टी को क्या मिला

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके 6 जून को अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। जंतर-मंतर पर 5 घंटे प्रदर्शन किया। 2011 इसी जंतर-मंतर पर एक्टिविस्ट अन्ना हजारे ने आमरण अनशन से करप्शन के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था।
तब नारे लगे थे- मैं भी अन्ना। इस बार आंदोलन का मकसद एजुकेशन सिस्टम में बदलाव है। नारा है- मैं हूं कॉकरोच। पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2.2 करोड़ फॉलोअर्स हैं। जंतर-मंतर पर उम्मीद के मुताबिक भीड़ नहीं आई, लेकिन पहली बार पार्टी जमीन पर दिखाई दी। पढ़ें पूरी खबर…


