देवास में खादी उद्योग को नई गति मिलने वाली है। मध्यप्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पंकज जोशी ने घोषणा की है कि जिले में जल्द ही पोनी प्लांट और प्रोसेस यूनिट स्थापित की जाएगी। यह घोषणा उन्होंने बालगढ़ स्थित खादी उत्पादन केंद्र के निरीक्षण के दौरान की। इस पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और खादी क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। मप्र शासन के उपक्रम मध्यप्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पंकज जोशी ने बालगढ़ स्थित खादी उत्पादन केंद्र का दौरा किया। उन्होंने वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया और केंद्र में कार्यरत कत्तिनों तथा बुनकरों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझा और उनके कार्य की सराहना की। पंकज जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देवास में खादी क्षेत्र की संभावनाओं को देखते हुए पोनी प्लांट एवं प्रोसेस यूनिट स्थापित की जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के जिला प्रबंधक शैलेंद्र व्यास ने जानकारी दी कि वर्तमान में जिले में खादी गतिविधियों के माध्यम से 150 से 200 लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इस संख्या को बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान केंद्र की कत्तिनों एवं बुनकरों ने पुष्पमाला और गुलदस्ता भेंट कर पंकज जोशी का स्वागत किया।
Source link
देवास में खादी उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार: जल्द स्थापित होगा पोनी प्लांट और प्रोसेस यूनिट; खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष पहुंचे – Dewas News
RELATED ARTICLES

