Kumro Phool Bhaja Recipe In Hindi : गर्मियों और मानसून के मौसम में जब दोपहर के खाने में गरमा-गरम चावल और गाढ़ी अरहर की दाल बनी हो, तो दिल कुछ क्रिस्पी और चटपटा खाने को मचलता है. अक्सर हम आलू भाजा, प्याज के पकौड़े या पापड़ के साथ काम चला लेते हैं. लेकिन अगर आप कुछ नया और पारंपरिक ट्राई करना चाहते हैं तो इस बार अपने लंच या शाम की चाय के मेन्यू में शामिल करें बंगाली स्टाइल ‘कुम्हड़ो फूल भाजा’ यानी कद्दू के फूलों के बेहद कुरकुरे पकौड़े. कद्दू के फूलों का यह क्रंची स्नैक न सिर्फ खाने का स्वाद दोगुना कर देता है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है. आइए जानते हैं इसकी क्विक और आसान रेसिपी.
कुम्हड़ो फूल भाजा के लिए सामग्री (Ingredients)
कद्दू के फूल: 8-10 (अच्छी तरह धुले और साफ किए हुए)
बेसन (Gram Flour): 4 बड़े चम्मच
चावल का आटा (Rice Flour): 1 बड़ा चम्मच (एक्स्ट्रा क्रिस्पी बनाने के लिए)
लाल मिर्च पाउडर: 2 छोटे चम्मच
जीरा पाउडर: 2 छोटे चम्मच
काली मिर्च पाउडर: 2 छोटे चम्मच
अजवाइन (Carom Seeds): 2 छोटे चम्मच
नमक: स्वादानुसार पानी: 1/4 कप (घोल बनाने के लिए)
कुकिंग ऑयल: तलने के लिए
बनाने की सबसे आसान विधि (Step-by-Step Recipe)
फूलों को साफ करें
सबसे पहले कद्दू के फूलों को हल्के हाथों से पानी में धो लें. फूलों के अंदर का कड़ा हिस्सा (पुंकेसर/Stamen) और डंठल को धीरे से हटा दें, ताकि फूल टूटे नहीं. इन्हें किचन टॉवल पर रखकर हल्का सुखा लें.
परफेक्ट घोल तैयार करें
एक मिक्सिंग बाउल में बेसन और चावल का आटा लें. अब इसमें लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर, अजवाइन और स्वादानुसार नमक डालें. थोड़ा-थोड़ा करके 1/4 कप पानी मिलाएं और एक गाढ़ा व स्मूद घोल तैयार कर लें. ध्यान रहे कि घोल ज्यादा पतला न हो, वरना फूलों पर कोटिंग अच्छी नहीं चढ़ेगी.
पैन फ्राई करें
एक पैन में कुकिंग ऑयल गर्म करें. अब एक-एक कद्दू के फूल को लें, उसे बेसन के मसालेदार घोल में अच्छी तरह डिप करें और गर्म तेल में डालते जाएं.
क्रिस्पी होने तक सेकें
धीमी से मध्यम आंच पर पकौड़ों को दोनों तरफ से सुनहरा और एकदम क्रिस्पी होने तक पैन फ्राई कर लें. जब ये दोनों तरफ से क्रंची दिखने लगें, तो इन्हें टिशू पेपर पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा ऑयल निकल जाए.
इसे भी पढ़ें: क्या आपकी भी सूजी उपमा चिपचिपी बन जाती है? पानी के इस सीक्रेट रेशियो से हर बार बनेगा एकदम खिला-खिला और स्वादिष्ट
करें सर्व
आपके गरमा-गरम, कुरकुरे ‘कुम्हड़ो फूल भाजा’ बनकर तैयार हैं! बंगाल में इसे पारंपरिक तौर पर दोपहर के खाने में गर्म चावल, घी या दाल के साथ पहले कोर्स के रूप में परोसा जाता है. इसके अलावा, आप इसे शाम की कड़क चाय और हरी चटनी के साथ एक बेहतरीन स्नैक के रूप में भी एंजॉय कर सकते हैं.

