संभल में मुहर्रम की आठवीं पर हजरत कासिम की शहादत की याद में मेहंदी का जुलूस निकाला गया। यह जुलूस बुधवार रात 11 बजे शुरू होकर गुरुवार तड़के 4 बजे संपन्न हुआ, जबकि मेला सुबह 6 बजे तक चला। इस दौरान 20 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। नवासा-ए-रसूल हजरत इमाम हुसैन के भतीजे और हजरत इमाम हसन के बेटे हजरत कासिम को नम आंखों से याद किया गया। जनपद संभल के थाना हयातनगर क्षेत्र की उपनगरी सरायतरीन में यह मुख्य जुलूस निकाला गया। मेहंदीदारों ने इमाम बारगाहों में मेहंदी सजाई और पारंपरिक मार्गों से जुलूस निकाला। इस दौरान “कासिम या शहीद जिंदाबाद”, “हक हुसैन” और “मौला हुसैन” के नारे लगाए गए। जुलूस सरायतरीन के मोहल्ला नवादा में बने तीन इमामबाड़ों से शुरू होकर मोहल्ला बगीचा, पीला खदाना, पुलिस चौकी चौराहा, मंगलपुरा, पन्नीग्रान, लाल मस्जिद और पैठ इतवार से होते हुए तड़के 4 बजे पुलिस चौकी सरायतरीन पर समाप्त हुआ। जगह-जगह तबारुक वितरित किए गए और राहगीरों को शबीह पिलाई गई। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। सीओ कुलदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, थाना प्रभारी संजीव बालियान और पुलिस चौकी प्रभारी सहित खुफिया विभाग ने मेले की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी जुलूस संपन्न होने तक डटे रहे। जनप्रतिनिधियों ने भी मेहंदीदारों का हौसला बढ़ाया और उन्हें नजराने पेश किए। संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी सराय, गांव नूरियो सराय और सैफ खां सराय आदि क्षेत्रों में भी हजरत कासिम की शहादत की याद में मेहंदी के जुलूस निकाले गए।
Source link
संभल में मुहर्रम की आठवीं पर मेहंदी का जुलूस निकला: हजरत कासिम की याद में इमामबाड़ों में सजी मेहंदी, 20 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे – Sambhal News
RELATED ARTICLES

