Wednesday, July 1, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशमंदसौर पुलिस ने 5.5 किलो अफीम, 30 किलो डोडाचूरा पकड़ा: ट्रैक्टर...

मंदसौर पुलिस ने 5.5 किलो अफीम, 30 किलो डोडाचूरा पकड़ा: ट्रैक्टर के टायरों में छिपाकर ले जा रहे दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार – Mandsaur News




मंदसौर जिले की नारायणगढ़ पुलिस ने ट्रैक्टर के टायरों में छिपाकर ले जाई जा रही 5.5 किलोग्राम अफीम और 30 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर लिया। मामले में दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए मादक पदार्थों और वाहनों की कुल कीमत 16.35 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोमवार तड़के की। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में बूढ़ा चौकी प्रभारी विकास गेहलोत की टीम ने झारड़ा-भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी की। यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। तलाशी के दौरान, ट्रॉली में रखे एक अन्य लाल रंग के मैसी 1035 डीआई ट्रैक्टर की जांच की गई। इस ट्रैक्टर के दाहिने पिछले टायर के भीतर 30 किलोग्राम डोडाचूरा और बाएं अगले टायर के अंदर 5.5 किलोग्राम अफीम स्किम के तहत छिपाई हुई मिली। राजस्थान के रहने वाले दो आरोपी अरेस्ट
पुलिस ने मौके से विकास पिता बोहराराम जाट (26) और प्रधान पिता सेवाराम जाट (27) को गिरफ्तार किया। ये दोनों राजस्थान के जोधपुर जिले की लूणी तहसील के ग्राम बड़लिया, थाना झंवर के निवासी हैं। आरोपियों के खिलाफ नारायणगढ़ थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने 8.25 लाख रुपए की 5.5 किलोग्राम अफीम, 60 हजार रुपये का 30 किलोग्राम डोडाचूरा, 4.50 लाख रुपए का मैसी 241 डीआई ट्रैक्टर मय ट्रॉली और 3 लाख रुपए का मैसी 1035 डीआई ट्रैक्टर जब्त किया है। जमानत पर छूटने के बाद फिर तस्करी में पकड़ा गया
बता दें कि अगस्त 2025 में मल्हारगढ़ पुलिस ने सोहनलाल नाम के आरोपी को 2 किलो 714 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। उस मामले की जांच में सामने आया था कि मादक पदार्थ लेने के लिए प्रधान ने ही सोहनलाल को भेजा था। प्रकरण में प्रधान बाद में जमानत पर बाहर आ गया था। अब एक बार फिर वह मादक पदार्थों की तस्करी करते हुए नारायणगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments