Monday, July 6, 2026
Homeफूडनाम सुनकर राजनीति मत समझिए! जानिए मुंबई की मशहूर Eggs Kejriwal डिश...

नाम सुनकर राजनीति मत समझिए! जानिए मुंबई की मशहूर Eggs Kejriwal डिश का दिलचस्प इतिहास


Eggs Kejriwal Recipe: अगर आप अंडे से बनने वाली नई और स्वादिष्ट रेसिपी ट्राई करना पसंद करते हैं, तो एग्स केजरीवाल आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है. पहली बार इसका नाम सुनने पर अक्सर लोगों को लगता है कि इसका किसी राजनीतिक व्यक्ति या राजनीति से कोई संबंध होगा, लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है. यह मुंबई की एक बेहद मशहूर कैफे स्टाइल डिश है, जिसे सालों से लोग बड़े चाव से खाते आ रहे हैं. ब्रेड का कुरकुरापन, पिघला हुआ चीज, हल्की तीखी हरी मिर्च और ऊपर रखा सॉफ्ट फ्राइड अंडा मिलकर ऐसा स्वाद देते हैं कि एक बार खाने के बाद इसे दोबारा जरूर बनाने का मन करता है.

यही वजह है कि यह डिश अब सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश के कई कैफे और रेस्तरां के मेन्यू का हिस्सा बन चुकी है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे घर पर भी बहुत आसानी से तैयार किया जा सकता है.

कैसे पड़ा एग्स केजरीवाल नाम
इस डिश की शुरुआत 1960 के दशक में मुंबई के साउथ मुंबई स्थित विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब में हुई थी. उस समय क्लब के नियमित सदस्य और कारोबारी देवी प्रसाद केजरीवाल नाश्ते में एक खास तरह का चीज टोस्ट और फ्राइड अंडा मंगवाते थे. इस डिश में टोस्ट पर भरपूर चीज, बारीक कटी हरी मिर्च और ऊपर सॉफ्ट फ्राइड अंडा परोसा जाता था. धीरे धीरे क्लब के दूसरे सदस्य भी वही डिश मांगने लगे और किचन स्टाफ से कहते कि हमें भी वही दीजिए जो केजरीवाल साहब खा रहे हैं. देखते ही देखते यह डिश क्लब में एग्स केजरीवाल के नाम से मशहूर हो गई और बाद में यही नाम हमेशा के लिए चल पड़ा.

मुंबई से पूरे देश तक पहुंची यह डिश
समय के साथ यह रेसिपी क्लब की चारदीवारी से निकलकर मुंबई के कई मशहूर कैफे और रेस्तरां तक पहुंच गई. इसके बाद दूसरे शहरों के रेस्तरां ने भी इसे अपने मेन्यू में शामिल करना शुरू कर दिया. आज कई जगह इस डिश में अलग तरह का चीज, अलग ब्रेड या अलग मसाले इस्तेमाल किए जाते हैं, लेकिन इसका असली स्वाद उसी पारंपरिक तरीके में माना जाता है जिसमें टोस्ट, चीज, हरी मिर्च और फ्राइड अंडे का शानदार मेल होता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

आखिर क्यों इतना पसंद किया जाता है
Eggs Kejriwal की लोकप्रियता की सबसे बड़ी वजह इसका स्वाद और आसान रेसिपी है. इसमें इस्तेमाल होने वाली लगभग सभी चीजें घर की रसोई में आसानी से मिल जाती हैं. यह डिश कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाती है और नाश्ते, शाम के स्नैक या हल्के भोजन के रूप में भी खाई जा सकती है. चीज का क्रीमी स्वाद, हरी मिर्च की हल्की तीखापन और सॉफ्ट अंडे की जर्दी मिलकर हर निवाले को खास बना देती है.

घर पर ऐसे बनाएं एग्स केजरीवाल
अगर आप इसे घर पर बनाना चाहते हैं, तो सबसे पहले ब्रेड स्लाइस को हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक टोस्ट कर लें. अब एक कटोरी में कद्दूकस किया हुआ चीज, बारीक कटी हरी मिर्च, स्प्रिंग अनियन और थोड़ा सा काली मिर्च पाउडर मिलाकर मिश्रण तैयार करें. इस मिश्रण को टोस्ट पर अच्छी तरह फैला दें. अब पहले से गर्म ओवन या एयर फ्रायर में इसे कुछ मिनट तक रखें ताकि चीज अच्छी तरह पिघल जाए और ऊपर से हल्का सुनहरा रंग आ जाए.

इसी दौरान एक पैन में थोड़ा सा मक्खन या तेल गर्म करें और उसमें एक अंडा फ्राई करें. कोशिश करें कि अंडे का सफेद हिस्सा पूरी तरह पक जाए लेकिन जर्दी हल्की नरम रहे. अब इस फ्राइड अंडे को तैयार चीज टोस्ट के ऊपर रखें. ऊपर से थोड़ा और चीज, बारीक कटी स्प्रिंग अनियन, हरी मिर्च और चाहें तो चिली फ्लेक्स या काली मिर्च भी डाल सकते हैं. गर्मागर्म टोमैटो केचप या अपनी पसंद की डिप के साथ इसे तुरंत परोसें.

स्वाद को और बेहतर बनाने के आसान तरीके
अगर आप इस डिश को और ज्यादा स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो ब्रेड पर पहले हल्का मक्खन लगा सकते हैं. चीज के लिए चेडर, मोजरेला या प्रोसेस्ड चीज का इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर तीखा पसंद है तो हरी मिर्च की मात्रा बढ़ा दें. वहीं बच्चों के लिए इसे कम तीखा बनाना बेहतर रहेगा. कई लोग इसमें थोड़ा सा पापरिका या चिली फ्लेक्स भी डालते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

नाश्ते से लेकर पार्टी तक हर जगह हिट
एग्स केजरीवाल सिर्फ सुबह के नाश्ते तक सीमित नहीं है. इसे शाम की चाय के साथ स्नैक के रूप में भी खाया जा सकता है. घर में मेहमान आए हों या वीकेंड ब्रंच का प्लान हो, यह डिश हर मौके पर शानदार लगती है. इसे सलाद, फ्रेंच फ्राइज या कॉफी के साथ भी परोसा जा सकता है.

स्वाद और कहानी दोनों बनाते हैं इसे खास
एग्स केजरीवाल सिर्फ एक रेसिपी नहीं, बल्कि मुंबई की फूड कल्चर का एक खास हिस्सा है. एक क्लब में शुरू हुई यह साधारण सी डिश आज देशभर के फूड लवर्स की पसंद बन चुकी है. इसके नाम के पीछे की दिलचस्प कहानी और आसान रेसिपी इसे बाकी एग डिश से अलग पहचान देती है. अगर आपने अभी तक इसे नहीं चखा है, तो इस बार घर पर जरूर बनाकर देखें. इसका कुरकुरा टोस्ट, पिघला चीज और सॉफ्ट अंडा आपको जरूर पसंद आएगा.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments