लखीसराय में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक मद्य निषेध पद के लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा 12 जुलाई को होगी। जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर कुल 3,833 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिला मुख्यालय सभागार में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक हुई। इसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ केंद्राधीक्षकों को आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए। परीक्षा एकल पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रकार के 100 प्रश्न होंगे, जिसके लिए दो घंटे का समय निर्धारित है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला दंडाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी किया है। सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और आवश्यक पहचान पत्र साथ रखने तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का आश्वासन दिया है।
Source link

