Sunday, July 12, 2026
Homeराज्यबिहारसीवान में मद्य निषेध SI भर्ती परीक्षा आज: 16 केंद्रों पर...

सीवान में मद्य निषेध SI भर्ती परीक्षा आज: 16 केंद्रों पर 8,280 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, स्टूडेंट्स के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन – Siwan News




सीवान में बिहार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा आयोजित उत्पाद अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार, 12 जुलाई को होगी। यह परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एकल पाली में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर कुल 8,280 अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर टाइम से पहुंचना अनिवार्य प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। यातायात, विधि-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने भी विशेष पहल की है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वाराणसी के अनुरोध पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन (संख्या 05106) का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन सीवान से मुजफ्फरपुर के बीच एकमा और छपरा होते हुए एक तरफा चलेगी। हाजीपुर-भगवानपुर होते हुए पहुंचेगी मुजफ्फरपुर रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, परीक्षा स्पेशल ट्रेन सीवान से अपराह्न 3:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह दुरौंधा, एकमा, छपरा, दिघवारा, सोनपुर, हाजीपुर, भगवानपुर, बेनीपुर, गोरौल, तुर्की सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहरते हुए शाम 7:40 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। रेलवे प्रशासन ने भी परीक्षार्थियों से विशेष ट्रेन का लाभ उठाने और यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन और रेलवे के समन्वित प्रयासों से हजारों परीक्षार्थियों को परीक्षा के बाद सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments