देवास में अखिल भारतीय चंद्रवंशी खाती समाज की ओर से भगवान जगदीश की रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी शामिल हुए। इस दौरान जीतू पटवारी ने रथ खींचा, भजन गाए और भक्तों के साथ नृत्य भी किया। वहीं, उन्होंने राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा को सहारा देकर मंच तक पहुंचाया और बैठाया। रथ यात्रा गुरुवार सुबह प्रमिला राजे गार्डन से शुरू हुई। यात्रा भोपाल चौराहा, नाहर दरवाजा, नयापुरा सुपरमार्केट, जवाहर चौक, बस स्टैंड, एबी रोड और उज्जैन चौराहा होते हुए इंदिरा गांधी चौराहा पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान जगदीश के जयकारे लगाए और पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहा। यात्रा के दौरान जीतू पटवारी कुछ दूर तक श्रद्धालुओं के साथ पैदल भी चले। भीड़ के बीच से निकलने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “दो दिन की साइकिल यात्रा में जितना नहीं थका था, उतना इन भाई लोगों ने भीड़ के बीच से थका दिया।” उन्होंने भगवान जगदीश से सभी पर कृपा बनाए रखने की कामना की। बाद में मंच से विधायक मनोज चौधरी और अन्य लोगों ने उनका सम्मान किया। दतिया उपचुनाव पर कांग्रेस की जीत का दावा रथ यात्रा के बाद जीतू पटवारी ने दतिया उपचुनाव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह चुनाव 25 हजार वोटों से जीतेगी। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा अपना “कर्मकांड” करेगी और प्रशासन चुनाव लड़ेगा, लेकिन आखिर में जीत कांग्रेस की होगी। भाजपा सरकार पर साधा निशाना पटवारी ने भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार का पर्याय बताया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण मुख्यमंत्री को मंत्रियों के विभाग अपने पास लेने पड़ेंगे और अंत में उन्हें भी विभाग छोड़ने की स्थिति आ जाएगी। मंत्री करण सिंह वर्मा ने भी की आरती राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने भगवान जगदीश की आरती की। स्वागत के दौरान लोगों ने उन्हें सहारा देकर मंच तक पहुंचाया और सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद उन्हें सहारा देकर मंच से नीचे भी उतारा गया। दतिया उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर करण सिंह वर्मा ने कहा, “आज दतिया चुनाव की बात नहीं। भाजपा कभी हारी है क्या?” उन्होंने कहा कि मोहन यादव सरकार ने लोगों को मुफ्त में गेहूं दिया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस ने कभी ऐसा किया था। जीतू पटवारी के सम्मान पर मंत्री वर्मा ने कहा कि उनका स्वागत किया गया, यह अच्छी बात है। उन्होंने कहा, “जब तक किसी का सम्मान नहीं करेंगे, आपका सम्मान भी कोई नहीं करेगा।”
Source link
भगवान जगदीश की रथ यात्रा में शामिल हुए जीतू पटवारी: देवास में मंत्री करण सिंह वर्मा के साथ खींचा रथ; दतिया उपचुनाव में जीत का किया दावा – Dewas News
RELATED ARTICLES

