कुंदन पाल | ललितपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ललितपुर में एक युवक को पहले बाइक से टक्कर मारी गई और फिर विरोध करने पर बेरहमी से पीटा गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रविवार रात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह घटना 17 जुलाई की शाम 7:45 बजे कोतवाली सदर क्षेत्र के नृसिंह मंदिर तालाबपुरा के सामने वाली गली में हुई। ग्राम कुम्हैड़ी निवासी प्रदीप कुमार पुत्र बृजकिशोर ने बताया कि वह उस समय गली से गुजर रहा था।
प्रदीप के अनुसार, तालाबपुरा निवासी श्रेयांश कुशवाहा, सक्षम कुशवाहा, अन्नू, केशव कुशवाहा और पीयूष ने मिलकर उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। जब प्रदीप ने इसका विरोध किया, तो सभी ने मिलकर लात-घूंसों और डंडों से उस पर हमला कर दिया। इस मारपीट में प्रदीप के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
मारपीट की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। कोतवाली पुलिस ने रविवार को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली सदर प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि मारपीट के इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।




