Last Updated:
यूक्रेन ने रूस को जवाब देने के लिए स्वदेशी FP-7 और FP-9 बैलिस्टिक मिसाइलें तैयार कर ली हैं. इसकी खूबियां कमाल की हैं. 200 किमी रेंज वाली FP-7 एयर डिफेंस का भी काम करेगी, जबकि 855 किमी मारक क्षमता और 800KG वॉरहेड वाली FP-9 मिसाइल सीधे मॉस्को में तबाही मचाने का दम रखती है.
यूक्रेन ने बैलिस्टिक मिसाइलें बना ली हैं, जो मॉस्को पर सीधा अटैक करने वाली हैं.
रूस-यूक्रेन जंग में अब वो होने जा रहा है, जिसका खौफ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सबसे ज्यादा था. अब तक यूक्रेन सिर्फ विदेशी हथियारों के दम पर रूस के हमलों से खुद को बचा रहा था या ड्रोन से छिटपुट पलटवार कर रहा था. लेकिन अब यूक्रेन ने अपने ही घर में एक ऐसा ब्रह्मास्त्र तैयार कर लिया है, जो मॉस्को में तबाही मचाने का दम रखता है. यूक्रेन ने 855KM रेंज वाली FP-9 मिसाइल बना ली है. साथ ही बैलिस्टिक मिसाइल FP-7 भी बनाई है. दोनों को आप अटैक और डिफेंस का टू-इन-वन कॉम्बो कह सकते हैं. क्योंकि यह न सिर्फ तबाही मचाती है, बल्कि दुश्मन के हमलों से डिफेंस भी करती है.
यूक्रेन की डिफेंस कंपनी फायर पॉइंट ये मिसाइलें बना रही है. कंपनी की सीईओ इरिना तेरेख ने दावा किया कि मिसाइलें इसी स्प्रिंग सीजन यानी पतझड़ के मौसम में एक्शन के लिए तैयार हो जाएंगी. ये इतनी खतरनाक होंगी जिनका जवाब तलाशना आसान नहीं होगा.
FP-7 मिसाइल की खूबियां
- FP-7 एक टैक्टिकल शॉर्ट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइल है. इसकी मारक क्षमता 200 किलोमीटर तक है. यह अपने साथ 150 किलो का भारी वॉरहेड यानी विस्फोटक ले जाने में सक्षम है. यह अचूक वार से जमीन पर मौजूद रूसी ठिकानों को राख कर सकती है.
- FP-7 सिर्फ जमीन पर ही नहीं, बल्कि आसमान में भी कहर बरपाएगी. इसे इस तरह अपग्रेड किया जा रहा है कि यह एयर डिफेंस सिस्टम का हिस्सा बन सके और हवा में ही दुश्मन की मिसाइलों को मार गिराए.
- यह मिसाइल अभी सर्टिफिकेशन प्रक्रिया में है और असली युद्ध क्षेत्र में इसका कड़ा परीक्षण किया जा रहा है, ताकि इसकी घातक क्षमता को साबित किया जा सके.
FP-9 मिसाइल, जिसका निशाना मॉस्को
- FP-9 की रेंज खतरनाक है. इसकी मारक क्षमता 855 किलोमीटर तक है. इस रेंज का सीधा मतलब है कि अब रूस की राजधानी मॉस्को और वहां मौजूद सैन्य ठिकाने यूक्रेन के सीधे निशाने पर होंगे.
- FP-9 मिसाइल 800 किलो का विशाल वॉरहेड लेकर उड़ेगी. इतनी भारी मात्रा में बारूद जब मॉस्को के करीब गिरेगा, तो तबाही का मंजर क्या होगा, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है.
- यह मिसाइल इतनी तेज और घातक है कि रूस के लिए इसे इंटरसेप्ट करना या हवा में रोकना लगभग नामुमकिन होगा. यूक्रेन इसका इस्तेमाल सीधे रूस के उन ठिकानों को तबाह करने में करेगा, जहां से उस पर हमले होते हैं.
पहला एंटी-बैलिस्टिक सिस्टम भी बनाया
FP-7 मिसाइल यूरोप के पहले कॉमन एंटी-बैलिस्टिक सिस्टम फ्रेया का हिस्सा बनेगी. इस सिस्टम को अमेरिका की खतरनाक पैट्रियट मिसाइल की तर्ज पर बनाया जा रहा है. शुरुआत में FP-7 मिसाइल अमेरिकी PAC-2 की तरह काम करेगी, जो दुश्मन की मिसाइल के पास जाकर ब्लास्ट होती है और उसे नष्ट कर देती है. भविष्य में यूक्रेन PAC-3 की तरह ‘हिट-टू-किल’ तकनीक विकसित करेगा, जो सीधे हवा में दुश्मन की मिसाइल से टकराकर उसे मटियामेट कर देगी.
यूक्रेन का स्वदेशी ड्रोन और मिसाइल खौफ
यूक्रेन ने पहले से ही स्वदेशी ड्रोन्स FP-1 और FP-2 से रूस की ऑयल रिफाइनरियों और अहम ठिकानों पर कहर ढा रखा है. इरिना तेरेख ने कहा, हमने इस साल रूस पर जितने ड्रोन दागे हैं, वो रूस के हमलों से दोगुने हैं. 2022 में हम इसका सपना भी नहीं देख सकते थे. इन मिसाइलों के आने से यूक्रेन की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी और उसे किसी विदेशी देश से रूस पर हमले की इजाजत नहीं मांगनी पड़ेगी.
यूक्रेन के इस स्वदेशी मिसाइल प्रोग्राम से रूस बुरी तरह बौखलाया हुआ है. रूसी खुफिया एजेंसियां लगातार यूक्रेन की फैक्ट्रियों को निशाना बनाने की कोशिश कर रही हैं ताकि बड़े पैमाने पर उत्पादन को रोका जा सके. लेकिन यूक्रेन अब पीछे हटने के मूड में नहीं है, वह अपने हथियारों से रूस को उसी की भाषा में जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार खड़ा है.
About the Author

ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा हिंदी पत्रकारिता का एक जाना-पहचाना नाम हैं. उन्हें मीडिया में करीब 20 साल का एक्सपीरियंस है. वर्तमान में वह News18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं …
और पढ़ें

