Tuesday, August 25, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशजहां बेटे ने फांसी लगाई, वहीं पिता ने खाया जहर: दोनों...

जहां बेटे ने फांसी लगाई, वहीं पिता ने खाया जहर: दोनों शवों का एक साथ हुआ पोस्टमॉर्टम; प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई – rajgarh (MP) News




राजगढ़ में 18 वर्षीय बेटे ने फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि बेटे की मौत से सदमे में आए 49 वर्षीय पिता ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। मंगलवार सुबह पिता का शव उसी खेत के पास मिला, जहां कुछ घंटे पहले बेटे ने आत्महत्या की थी। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात 18 वर्षीय रामचंद्र तंवर ने अपने मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। वीडियो में वह कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी बातों का जिक्र करता नजर आ रहा है। इसके बाद उसने बसी तलावड़ा स्थित अपने खेत में फांसी लगा ली। पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है। युवक के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। रात 10 बजे घर से निकला था
परिजनों के मुताबिक, रामचंद्र सोमवार रात करीब 10 बजे घर से भंडारे में जाने की बात कहकर निकला था। करीब दो घंटे बाद उसका बड़ा भाई मनोज खेत पर मवेशी भगाने पहुंचा। वहां उसने रामचंद्र को पेड़ पर फंदे से लटका देखा। मनोज ने गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रामचंद्र को नीचे उतारकर खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जहां बेटे ने जान दी, वहीं मिला पिता का शव
रामचंद्र की मौत की खबर सुनकर उसके पिता कनीराम तंवर भी सदमे में आ गए। वे बेटे को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बेटे को मृत घोषित किए जाने के बाद कनीराम अस्पताल से गांव लौट आए। परिजनों के अनुसार, इसके बाद वे खेत की ओर गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को कनीराम का शव खेत के पास पड़ा मिला। पिता की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को खिलचीपुर अस्पताल लाया गया। यहां रामचंद्र का शव पहले से पोस्टमॉर्टम के लिए रखा हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। परिवार में चार बेटे और पांच बेटियां
कनीराम तंवर अपनी पत्नी राजूबाई और बच्चों के साथ गांव में रहते थे। परिवार में चार बेटे और पांच बेटियां हैं। कनीराम खेती-किसानी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। ग्रामीणों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं थी। रामचंद्र चार भाइयों में सबसे छोटा था। ग्रामीणों के मुताबिक, उसका किसी युवती से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के साथ वीडियो कॉल और फोटो से जुड़ी गतिविधियों की बात भी सामने आई है। मोबाइल और सोशल मीडिया की जांच हो रही
खिलचीपुर पुलिस ने दोनों मौतों की जांच शुरू कर दी है। रामचंद्र द्वारा मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, कनीराम की मौत के मामले में भी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments