पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र के खजुआ दिननगर गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन दिन से लापता 28 वर्षीय युवक का शव रेलवे लाइन के किनारे पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले धर्मेंद्र कुमार (पुत्र रामपाल) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा है। परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र बुधवार शाम करीब छह बजे घर से खेत देखने जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिवार वालों ने कई जगह उसकी तलाश की। कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने न्यूरिया थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। धर्मेंद्र के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। उसके तीन छोटे भाई हैं और पूरा परिवार मजदूरी करके गुजारा करता है। इस बार धान की फसल पूरी तरह खराब हो जाने के कारण धर्मेंद्र काफी परेशान था। इसी चिंता में वह बुधवार को खेत की ओर गया था। शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की तरफ जा रहे थे। तभी उन्होंने रेलवे लाइन के किनारे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में एक शव को तैरते हुए देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गांव में दी। खबर मिलते ही मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने भी वहां पहुंचकर शव की पहचान धर्मेंद्र के रूप में की। सूचना मिलते ही न्यूरिया थाना अध्यक्ष दिगंबर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पानी से बाहर निकलवाया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौत का असल कारण पानी में डूबना है या कोई और वजह, इसका सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
Source link
तीन दिन से लापता युवक का शव गड्ढे में मिला: पीलीभीत में रेलवे लाइन किनारे मिला, फसल खराब होने से था परेशान – Pilibhit News
RELATED ARTICLES

