मऊगंज पुलिस ने फर्जी सोने के बिस्किट देकर 3 लाख रुपए ठगने वाले 5 युवकों को पकड़ा है। शुक्रवार को पुलिस ने इनके पास से ठगी के 2 लाख 50 हजार रुपए नकद, नकली बिस्किट और भागने में इस्तेमाल बलेनो कार जब्त की है। आरोपी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के रहने वाले हैं। पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर निवासी राहुल सिसोदिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। ठगों ने फोन पर खुद को मऊगंज का बताकर झांसा दिया कि उन्हें मजदूरी के दौरान जमीन से सोना मिला है। राहुल के भाई और दोस्त ने जब ठगों के दिए सैंपल की सुनार से जांच कराई, तो वह असली निकला। भरोसा होने पर 100-100 ग्राम के 12 सोने के बिस्किट 5 लाख रुपए में खरीदने का सौदा पक्का हुआ। 31 अगस्त को बाबा ढाबा के पास 3 लाख रुपए नकद देकर बिस्किट लिए गए, जो बाद में जांच कराने पर पीतल निकले। नाला में फंसी कार, बस से भी उतारे गए आरोपी ठगी का एहसास होते ही फरियादी ने समझदारी दिखाई और ठगों को भनक नहीं लगने दी। उसने बाकी के 2 लाख रुपए देने के बहाने आरोपियों को फिर बुलाया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस को पीछे देखकर बलेनो कार से भाग रहे 3 आरोपियों की गाड़ी डगडौआ गांव के पास नाले में फंस गई, जिन्हें पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया। वहीं 2 अन्य आरोपियों को मिर्जापुर जाने वाली बस से नीचे उतारकर पकड़ा गया। पुलिस ने इन्हें पकड़ा आरोपियों में विमल कुमार बिन्द, आकाश बिन्द, भगवानदास बिन्द, राजू उर्फ उमेश कुमार बिन्द और पप्पू उर्फ विक्रम कुमार बिन्द शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
Source link
12 सोने के नकली बिस्किट 5 लाख में बेचे: मऊगंज में 3 लाख लिए, दोबारा 2 लाख लेने आए तो पुलिस ने पकड़ा – Mauganj News
RELATED ARTICLES

