Thursday, September 10, 2026
Homeलाइफस्टाइलउम्र 62 और फिटनेस कमाल! डांस से स्विमिंग तक नीता अंबानी की...

उम्र 62 और फिटनेस कमाल! डांस से स्विमिंग तक नीता अंबानी की ये 6 आदतें जानें


60 की उम्र पार करने के बाद भी नीता अंबानी खुद को फिट और एक्टिव रखने पर खास ध्यान देती हैं। रोज की कसरत से लेकर योग, डांस और संतुलित खान-पान तक, उनका रूटीन काफी खास है।

उम्र बढ़ने के साथ फिटनेस का मतलब सिर्फ पतला या स्लिम दिखना नहीं रह जाता। शरीर में ताकत, दिनभर की ऊर्जा और रोज के काम आसानी से कर पाना भी उतना ही जरूरी है। नीता अंबानी की सोच भी कुछ ऐसी ही है। 62 की उम्र में वह अपनी सेहत को लेकर काफी अलर्ट रहती हैं और मानती हैं कि खुद के लिए समय निकालना जरूरी है। उनका मानना है कि उम्र को रोकने की कोशिश करने के बजाय उसे स्वीकार करते हुए खुद को मजबूत और एक्टिव रखना चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने डेली रूटीन में अलग-अलग तरह की फिजिकल एक्टीविटीज और बैलेंस्ड डाइट को जगह दी है। उनकी कुछ आदतें ऐसी हैं, जिन्हें अपनी क्षमता के हिसाब से रोज की जिंदगी में शामिल किया जा सकता है।

1. हफ्ते में 5-6 दिन करती हैं कसरत

नीता अंबानी हफ्ते में करीब पांच से छह दिन कसरत करती हैं। वह रोज एक जैसी कसरत करने के बजाय अलग-अलग दिनों में शरीर के अलग हिस्सों पर ध्यान देती हैं। उन्हें पैरों की कसरत सबसे ज्यादा पसंद है। इसका श्रेय वह अपने भरतनाट्यम ट्रेनिंग को भी देती हैं।

2. योग से बढ़ाती हैं फ्लैक्सिबिलिटी

उनके रूटीन में योग और शरीर को लचीला रखने वाली कसरत भी शामिल है। इसके साथ वह कोर को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज भी करती हैं। इस तरह उनका ध्यान सिर्फ ताकत बढ़ाने पर नहीं, बल्कि शरीर की चाल-ढाल और लचीलेपन पर भी रहता है।

3. डांस को भी देती हैं जगह

नीता अंबानी के लिए डांस फिटनेस का मजेदार तरीका है। वह कुछ दिनों में करीब एक घंटे तक डांस करती हैं। छह साल की उम्र से भरतनाट्यम सीखने की वजह से डांस लंबे समय से उनकी जिंदगी का हिस्सा रहा है।

4. स्विमिंग और पानी में कसरत

कुछ दिनों में वह स्विमिंग और पानी में की जाने वाली कसरत करती हैं। इससे उनके रूटीन में बदलाव बना रहता है और उन्हें एक ही तरह की कसरत रोज करने की जरूरत नहीं पड़ती। अपनी पसंद की अलग-अलग गतिविधियां करना उनके लिए फिटनेस को दिलचस्प बनाए रखने का एक तरीका है।

5. रोज 5 से 7 हजार कदम चलने की कोशिश

नीता अंबानी रोज करीब 5 से 7 हजार कदम चलने की कोशिश करती हैं। खासकर सफर के दौरान जब कसरत का पूरा समय नहीं मिल पाता, तब पैदल चलना उनके काम आता है। रोज की दिनचर्या में ज्यादा चलना-फिरना भी शरीर को सक्रिय रखने का आसान तरीका है।

6. खाने में प्रोटीन को मानती हैं जरूरी

नीता अंबानी शाकाहारी हैं और संतुलित खाना पसंद करती हैं। उन्होंने बताया है कि वह नेचुरल और ऑर्गेनिक चीजों को अपने भोजन में जगह देती हैं। साथ ही, वह प्रोटीन को भी जरूरी मानती हैं। शाकाहारी खाने में दाल, पनीर, दूध, दही और सोया इसके अच्छे स्रोत हो सकते हैं।

उनके लिए फिटनेस का मतलब सिर्फ शरीर नहीं!

नीता अंबानी के अनुसार, कसरत का असर सिर्फ शरीर पर नहीं पड़ता। वह इसे तनाव कम करने और दिनभर पॉजिटिव महसूस करने से भी जोड़ती हैं। उनके लिए उम्र बढ़ना ऐसी चीज नहीं है जिससे लड़ना हो। उनका मानना है कि इस उम्र में भी शरीर को मजबूत और एक्टिव रखना ज्यादा जरूरी है, ताकि रोजमर्रा के काम आसानी से किए जा सकें और परिवार के साथ समय बिताने में दिक्कत ना हो।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments