Sunday, September 13, 2026
Homeराज्यराजस्तानकांग्रेस ने पार्षद प्रत्याशियों को डराने का लगाया आरोप: पुलिस की...

कांग्रेस ने पार्षद प्रत्याशियों को डराने का लगाया आरोप: पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, निकाय चुनाव में पक्षपात की शिकायत – Karauli News




करौली में नगर निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने निर्वाचन आयोग के नाम एडीएम को एक ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि कुछ इलाकों में कांग्रेस समर्थित पार्षद प्रत्याशियों और उनके परिवार के लोगों पर दबाव बनाया गया, उन्हें डराया-धमकाया गया और जबरन साथ ले जाया गया। पार्टी का कहना है कि सिविल ड्रेस में आए पुलिसकर्मियों ने प्रत्याशियों और उनके परिवारजनों पर दबाव बनाया। कांग्रेस ने मांग की है कि अगर यह कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के बिना हुई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस ने कहा कि ऐसी कार्रवाई से प्रत्याशियों और उनके परिवारों में डर का माहौल बन सकता है। इससे स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया पर असर पड़ने की आशंका है। ADM को ज्ञापन सौंप रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग
कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि संबंधित इलाकों के सीसीटीवी फुटेज, पुलिस वाहनों के जीपीएस रिकॉर्ड, लॉगबुक, पुलिस ड्यूटी चार्ट और मतदान से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखे जाएं। इससे किसी भी सबूत से छेड़छाड़ की आशंका नहीं रहेगी। पार्टी ने सभापति और उपसभापति के चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने की भी मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि चुनाव स्थल और उसके आसपास सिर्फ अधिकृत लोगों को ही एंट्री दी जाए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
इसके साथ ही जिले से बाहर के जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के बाहरी पदाधिकारियों के अनावश्यक प्रवेश और दखल पर रोक लगाने की मांग की गई है। कांग्रेस का मानना है कि इससे चुने हुए पार्षदों पर बाहरी राजनीतिक दबाव, प्रभाव या लालच की स्थिति नहीं बनेगी। कांग्रेस ने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ नियमों के हिसाब से कार्रवाई की जाए।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments