Last Updated:
चावल बनाते समय अगर पानी का संतुलन बिगड़ जाए या उन्हें ज्यादा देर तक पकाया जाए, तो दाने आपस में चिपक सकते हैं और चावल खिले-खिले नहीं बनते. हालांकि, कुछ आसान किचन टिप्स अपनाकर चावल को चिपचिपा होने से बचाया जा सकता है.
चावल पकाते समय उन्हें बार-बार चम्मच से चलाने से भी दाने टूट सकते हैं.
चावल बनाना देखने में जितना आसान लगता है, उतना ही कई बार इसमें छोटी-सी गलती पूरा स्वाद और टेक्सचर बिगाड़ देती है. खासकर जब चावल पकने के बाद खिले-खिले होने के बजाय आपस में चिपक जाते हैं. बिरयानी, पुलाव या फ्राइड राइस बनाते समय तो ऐसे चावल बिल्कुल अच्छे नहीं लगते. ज्यादा पानी, चावल को ठीक से न धोना या जरूरत से ज्यादा पकाना इसके पीछे बड़ी वजह हो सकती है.
अगर आपके चावल भी अक्सर चिपचिपे हो जाते हैं, तो अगली बार कुछ आसान ट्रिक्स आजमाकर देखें.
चावल को अच्छी तरह धोएं
चावल के चिपचिपे होने की एक बड़ी वजह उसमें मौजूद अतिरिक्त स्टार्च हो सकता है. इसलिए चावल पकाने से पहले उसे 2 से 3 बार पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए. जब तक पानी काफी हद तक साफ न दिखाई देने लगे, तब तक चावल धो सकते हैं. इससे अतिरिक्त स्टार्च निकलने में मदद मिलती है और चावल ज्यादा खिले-खिले बन सकते हैं.
पानी की मात्रा सही रखें
चावल पकाते समय पानी की मात्रा बहुत महत्वपूर्ण होती है. अगर पानी जरूरत से ज्यादा डाल दिया जाए तो चावल गल सकते हैं और आपस में चिपकने लगते हैं. अलग-अलग चावल के लिए पानी की जरूरत अलग हो सकती है, इसलिए चावल के पैकेट पर दिए निर्देश भी देख सकते हैं. बासमती चावल के लिए आमतौर पर चावल और पानी का अनुपात सामान्य चावल से अलग होता है.
चावल को भिगोकर रखें
अगर आप बासमती या लंबे दाने वाले चावल बना रहे हैं, तो उन्हें पकाने से पहले करीब 15 से 20 मिनट के लिए भिगोना फायदेमंद हो सकता है. इससे चावल समान रूप से पकने में मदद मिलती है. हालांकि बहुत ज्यादा देर तक भिगोने से चावल टूट भी सकते हैं, इसलिए समय का ध्यान रखें.
पकाते समय बार-बार न चलाएं
चावल पकाते समय उन्हें बार-बार चम्मच से चलाने से भी दाने टूट सकते हैं और ज्यादा स्टार्च निकल सकता है. इससे चावल चिपचिपे हो सकते हैं. इसलिए चावल को पकाते समय बार-बार हिलाने से बचें और जरूरत के मुताबिक ही चलाएं. चावल पक जाने के बाद गैस बंद करके उन्हें कुछ मिनट ढककर छोड़ दें. इसके बाद ढक्कन खोलकर चावल को कांटे की मदद से हल्के हाथ से फुलाएं. इससे दाने अलग करने में मदद मिलती है और चावल ज्यादा खिले हुए नजर आते हैं.
अगर चावल पहले ही चिपचिपे हो गए हैं
अगर चावल पकने के बाद बहुत ज्यादा चिपक गए हैं, तो उन्हें जोर से चलाने की गलती न करें. चावल को एक बड़ी प्लेट या ट्रे में फैला दें और कुछ देर ठंडा होने दें. इससे अतिरिक्त भाप निकल जाएगी और चावल कुछ हद तक अलग हो सकते हैं. इसके बाद कांटे से धीरे-धीरे दाने अलग करें.
About the Author
विविधा सिंह हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का उभरता हुआ नाम हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल का अनुभव है. वर्तमान में वह News18 हिंदी में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह लाइफस्टाइल वर्टि…
और पढ़ें

