नालंदा के महाबोधि कॉलेज की नई बिल्डिंग का लोकार्पण और चार वर्षीय एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी) के नए शैक्षणिक सत्र 2026-30 का औपचारिक उद्घाटन आज दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए महाविद्यालय परिवार और स्थानीय प्रबुद्ध वर्ग की ओर से सभी प्रशासनिक एवं औपचारिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविन्द कुमार ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार करेंगे। नई बिल्डिंग के बनने से यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को आधुनिक कक्षाओं, बेहतर बुनियादी ढांचे और उन्नत शैक्षणिक वातावरण का सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही नए सत्र के आगाज से शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं को भी गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त होगा। समारोह में जुटेंगे शिक्षा व राजनीति के दिग्गज इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप नेता ललन सर्राफ तथा मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी विशेष रूप से शामिल होंगे। इनके अलावा सचेतक रीना देवी, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह तथा महाविद्यालय शासी निकाय के सचिव राजेन्द्र प्रसाद की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों की मौजूदगी से कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में काफी उत्साह का माहौल है। गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र महाबोधि महाविद्यालय को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना तथा बिहार सरकार से स्थायी संबद्धता प्राप्त है। साथ ही यह संस्थान राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद द्वारा ‘बी’ ग्रेड से मान्यता प्राप्त है। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद यह कॉलेज वर्षों से उच्च शिक्षा के प्रसार और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। नए भवन और तकनीकी रूप से उन्नत पाठ्यक्रमों के शुरू होने से नालंदा के शैक्षणिक परिदृश्य को और अधिक मजबूती मिलेगी।
Source link

