Last Updated:
Healthy Leftover Roti Recipe: अगर घर में रोटी बच गई है तो उसे फेंकने की बजाय स्वादिष्ट राजस्थानी खड़बड़िया बनाई जा सकती है. यह देसी डिश बची रोटी के साथ दही, छाछ और मसालों से तैयार की जाती है. सही तरीके से पकाने पर इसमें खास राजस्थानी स्वाद आता है. कम सामग्री और आसान तरीके से बनने वाली यह रेसिपी नाश्ते या खाने में परोसी जा सकती है और बची रोटी का भी स्वादिष्ट इस्तेमाल हो जाता है.
भीलवाड़ा: घर में रात की बची हुई रोटियों को अक्सर लोग दोबारा खाने के बजाय फेंक देते हैं. लेकिन राजस्थान के कई घरों में इन्हीं बची रोटियों से टेस्टी और पारंपरिक नाश्ता तैयार किया जाता है. ऐसी ही एक देसी डिश है खड़बड़िया जिसे कम समय और घर में मौजूद सामान्य सामग्री से आसानी से बनाया जा सकता है. दही या छाछ के साथ तैयार होने वाली यह डिश स्वादिष्ट होने के साथ भोजन की बर्बादी रोकने का भी अच्छा तरीका है.
भीलवाड़ा की पूजा कुमारी सांखला ने बताया कि पुराने समय में गांव गोठ में ऐसा हुआ करता था कि जब किसान खेत पर जाते थे. तब रात की पड़ी सूखी रोटियां को छाछ में डूबा कर चले जाते थे और जब काम करके वापस आते थे. तब इसमें घर के आसान मसाले और सब्जी मिलकर यह देसी डिश और भी ज्यादा स्वादिष्ट हो जाती थी. खड़बड़िया बनाने के लिए सबसे पहले बची हुई रोटियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लिया जाता है। इसके बाद एक बर्तन में दही या छाछ लिया जाता है. इसमें रोटी के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिला दिया जाता है. रोटी को दही या छाछ में कुछ देर रखने से वह नरम हो जाती है और इसका स्वाद भी बढ़ जाता है। इसके बाद इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और स्वाद के अनुसार नमक मिलाया जाता है. घर में उपलब्ध मसालों के हिसाब से इसमें लाल मिर्च, जीरा, धनिया पाउडर या अन्य मसाले भी डाले जा सकते हैं. कुछ लोग स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से हरा धनिया भी डालते हैं. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाने के बाद खड़बड़िया तैयार हो जाती है.
कम सामग्री में तैयार होता है नाश्ता
पूजा कुमारी सांखला ने बताया कि खड़बड़िया की खासियत यह है कि इसे बनाने के लिए किसी विशेष सामग्री की जरूरत नहीं होती. बची हुई रोटी, दही या छाछ, प्याज, हरी मिर्च और कुछ सामान्य मसालों से यह नाश्ता तैयार किया जा सकता है. यही वजह है कि ग्रामीण और घरेलू रसोई में ऐसी पारंपरिक रेसिपी आज भी उपयोगी मानी जाती हैं. सुबह के समय जब जल्दी नाश्ता तैयार करना हो तब भी खड़बड़िया एक आसान विकल्प हो सकती है. इसे अपनी पसंद के अनुसार थोड़ा गाढ़ा या पतला रखा जा सकता है. छाछ के साथ बनाई गई खड़बड़िया हल्की और देसी स्वाद वाली डिश के रूप में परोसी जा सकती है.
बची रोटी का बेहतर इस्तेमाल
आज के समय में भोजन की बर्बादी रोकना भी जरूरी है. ऐसे में बची हुई रोटी को फेंकने के बजाय उससे नई डिश तैयार करना घर के बजट और भोजन दोनों के लिहाज से उपयोगी है. खड़बड़िया इसी घरेलू सोच और राजस्थान की पारंपरिक रसोई की सादगी को दिखाती है. मेवाड़ के अलग-अलग इलाकों और परिवारों में इसे बनाने का तरीका थोड़ा अलग हो सकता है. कोई इसमें ज्यादा दही डालता है तो कोई छाछ का इस्तेमाल करता है. मसालों और सब्जियों में भी स्थानीय स्वाद के अनुसार बदलाव किया जा सकता है. यही स्थानीय अंदाज खड़बड़िया को एक ऐसी देसी डिश बनाता है, जिसे घर की उपलब्ध सामग्री के अनुसार आसानी से तैयार किया जा सकता है.
About the Author
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ें

