Last Updated:
हर महीने ₹2,000 की SIP लंबे समय में बड़ा फंड बनाने में मदद कर सकती है. ₹2 करोड़ तक पहुंचने का समय मिलने वाले औसत रिटर्न पर निर्भर करता है. 10% सालाना रिटर्न पर यह रकम करीब 46 साल 1 महीने में, 12% रिटर्न पर करीब 40 साल 4 महीने में और 15% रिटर्न पर करीब 34 साल 2 महीने में ₹2 करोड़ हो सकती है. इस दौरान आपका कुल निवेश कितना हो सकता है. इसके लिए आप पूरी कैलकुलेशन चेक कर सकते हैं.
छोटी SIP से आसानी से मोटा फंड बन सकता है.
हर महीने ₹2,000 की बचत भले ही आपको बहुत बड़ी रकम ना लगे, लेकिन अगर यही पैसा लगातार लंबे समय तक निवेश किया जाए तो इसका फंड काफी बड़ा हो सकता है. SIP यानी सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान में आपके निवेश पर मिलने वाला रिटर्न भी आगे रिटर्न कमाता है. इसे ही कंपाउंडिंग का फायदा कहा जाता है. यही वजह है कि लंबी अवधि में छोटी-छोटी रकम भी बड़ा फंड बनाने में मदद कर सकती है.
अब सवाल है कि ₹2,000 की मासिक SIP से ₹2 करोड़ का फंड कितने समय में तैयार हो सकता है? इसका जवाब एक तय संख्या में नहीं दिया जा सकता. यह इस बात पर निर्भर करता है कि निवेश पर औसतन कितना सालाना रिटर्न मिलता है. अगर 10%, 12% और 15% सालाना रिटर्न मानकर गणना करें, तो तीनों मामलों में टारगेट तक पहुंचने का समय अलग होगा. हर महीने ₹2,000 लगाने पर ₹2 करोड़ का कैसे बनेगा, ये आपको बताते हैं.
10% रिटर्न पर कितना समय लगेगा?
अगर ₹2,000 हर महीने SIP में लगाए जाएं और औसतन 10% सालाना रिटर्न मिले, तो ₹2 करोड़ का टारगेट करीब 46 साल 1 महीने में पूरा हो सकता है. इस दौरान आपकी जेब से कुल करीब ₹11.06 लाख जाएंगे. बाकी करीब ₹1.89 करोड़ रकम निवेश पर मिले रिटर्न से बनेगी. यानी यहां कुल रकम का बड़ा हिस्सा आपके निवेश से नहीं, बल्कि लंबे समय तक मिलने वाले रिटर्न और कंपाउंडिंग से तैयार होगा.
12% रिटर्न पर क्या होगा?
अब मान लीजिए SIP पर औसतन 12% सालाना रिटर्न मिलता है. यानी ₹2 करोड़ का लक्ष्य करीब 40 साल 4 महीने में पूरा हो सकता है. इस अवधि में आप कुल करीब ₹9.68 लाख निवेश करेंगे. इसके मुकाबले करीब ₹1.90 करोड़ रकम रिटर्न से बन सकती है. यानी रिटर्न में थोड़ा अंतर भी लंबे समय में कई साल का फर्क पैदा कर सकता है.
15% रिटर्न मिले तो?
अगर लंबे समय तक औसतन 15% सालाना रिटर्न मिलता है, तो यही लक्ष्य करीब 34 साल 2 महीने में हासिल हो सकता है. इस दौरान कुल निवेश लगभग ₹8.20 लाख होगा. बाकी करीब ₹1.92 करोड़ रिटर्न से बन सकते हैं. लेकिन ध्यान रखें कि 15% रिटर्न हर साल मिलना तय नहीं है. म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार से जुड़े निवेश में रिटर्न घट-बढ़ सकता है.
| सालाना रिटर्न | ₹2 करोड़ बनने में समय | कुल निवेश | अनुमानित रिटर्न |
|---|---|---|---|
| 10% | करीब 46 साल 1 महीना | ₹11.06 लाख | ₹1.89 करोड़ |
| 12% | करीब 40 साल 4 महीने | ₹9.68 लाख | ₹1.90 करोड़ |
| 15% | करीब 34 साल 2 महीने | ₹8.20 लाख | ₹1.92 करोड़ |
इस कैलकुलेशन से आप समझ सकते हैं कि ₹2,000 की SIP से ₹2 करोड़ बनाने में सबसे अहम भूमिका समय और कंपाउंडिंग की है. जितने लंबे समय तक निवेश चलता है, रिटर्न पर मिलने वाला रिटर्न उतना बड़ा असर डालता है. हालांकि, सिर्फ ज्यादा रिटर्न मानकर लक्ष्य तय करना सही नहीं होगा. 15% रिटर्न का अनुमान लगाने के बजाय अपनी फाइनेंशियल स्थिति और रिस्क को ध्यान में रखना जरूरी है.
About the Author

यशस्वी यादव बिजनेस और फाइनेंस जर्नलिज्म से जुड़ी युवा पत्रकार हैं. उन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब तीन साल का अनुभव है. फिलहाल, वह News18 हिंदी के साथ मनी सेक्शन में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. उनका फोक…
और पढ़ें

