जैसलमेर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुलधरा के गेट पर बुधवार को टिकट और एंट्री को लेकर टूरिस्ट और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। मामला उस समय गंभीर हो गया, जब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में टूरिस्ट्स ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन पर बंदूक तानकर बदसलूकी कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, एक युवक के पास दिखाई दे रही बंदूक जांच में खिलौना (यानि की नकली) निकली। टिकट काउंटर पर बढ़ा विवाद, वीडियो वायरल सदर थाना प्रभारी महेंद्र कुमार सीरवी ने बताया- 14 अक्टूबर को कुलधरा के एंट्री गेट पर टिकट काउंटर संचालित करने वाले ठेकेदार के कर्मचारियों और पर्यटकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कर्मचारियों पर पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो में पर्यटक आरोप लगाते सुनाई दे रहे हैं कि उनके साथ बदसलूकी की जा रही है और उन पर बंदूक तानी जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। दो लोगों को गिरफ्तार किया मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक शिवहरे ने सदर थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने कुलधरा प्रवेश द्वार से तखतसिंह (पुत्र भोमसिंह राजपूत), निवासी पुलिस लाइन कच्ची बस्ती, जैसलमेर और जुझारसिंह (पुत्र लखसिंह राजपूत), निवासी नोहडीयाला, बाड़मेर को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान तखतसिंह के पास दिखाई दे रही बंदूक की जांच की गई तो वह खिलौना पिस्तौल निकली। पुलिस ने दोनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रशासन ने कहा कि जैसलमेर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा प्राथमिकता है। पर्यटकों के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source link

