सीवान में अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौके पर मौत हो गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमलोरी-सरसर हाईवे रोड पर हुई। मृतक की पहचान गुठनी थाना क्षेत्र के भटई गांव निवासी राम छबीला राम के बेटे नीरज कुमार दिवाकर(35) के रूप में हुई है। वह बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के अंतर्गत मुफस्सिल थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जफरा में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। 22 अक्टूबर को ही उनकी सगाई हुई थी और परिवार में शादी की तैयारियों को लेकर खुशियों का माहौल था। नीरज कुमार दिवाकर विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने के बाद बाइक से सीवान स्थित अपने कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान अमलोरी-सरसर हाईवे रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क से दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी बोलेरो हादसे के बाद बोलेरो भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।हाईवे पर हुई इस घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ दिन पहले सगाई की खुशियां मनाई जा रही थीं,वहां अब चीख-पुकार मची है। नीरज की मौत की खबर सुनकर उनकी होने वाली पत्नी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। शादी से पहले ही जीवनसाथी को खोने के सदमे से परिवार और रिश्तेदार गहरे शोक में हैं। मुफस्सिल थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Source link

