दीपावली की शाम जहां एक ओर घरों में दीप जलाकर खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दूसरी ओर औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। मंदिर में दीपावली का दीया जलाकर घर लौट रही 30 वर्षीय महिला की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रविवार की शाम बभंडीह खेल मैदान के सामने एनएच-139 की है। मृतका की पहचान लभरी खुर्द निवासी सुनील कुमार प्रजापति की पत्नी संजू देवी के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दीपावली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मंदिर से लौटकर घर के सामने पार कर रही थी सड़क जानकारी के अनुसार संजू देवी रविवार की शाम दीपावली के अवसर पर घर से मंदिर में दीया जलाने गई थीं। पूजा-अर्चना के बाद वह वापस लौट रही थीं। इसी दौरान अपने घर के सामने एनएच-139 पार करने के क्रम में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल घायल महिला को इलाज के लिए अंबा स्थित एक निजी क्लीनिक ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार महिला के सिर में गंभीर चोट लगी थी। अस्पताल पहुंचने पर ऑक्सीजन लगाकर उपचार शुरू किया गया, लेकिन कुछ ही मिनटों में उन्होंने दम तोड़ दिया। 14 साल की बेटी और 11 साल के बेटे के सिर से उठा मां का साया महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन चीत्कार उठे। मृतका के पति सुनील प्रजापति ने बताया कि वर्ष 2011 में उनकी शादी हुई थी। उनकी 14 वर्षीय बेटी और 11 वर्षीय बेटा है। मां की असामयिक मौत से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। मृतका के ससुर ब्रह्मदेव प्रजापति वर्षों से बभंडीह खेल मैदान के समीप मकान बनाकर रह रहे हैं। परिवार का पैतृक गांव बभंडीह बिगहा है। घटना के बाद बभंडीह और लभरी खुर्द गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया सिकंदर यादव, घेउरा पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और सरकारी प्रावधानों के अनुरूप मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। अंबा थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिली है। टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

