Last Updated:
Tomato Curry Recipe: दाल-सब्जी में टमाटर तो अक्सर पड़ता है पर क्या कभी आपने केवल टमाटर की सब्जी खाई है? नहीं तो एक बार यह रेसिपी जरूर ट्राई करें. सर्दियों में जब खट्टे टमाटर आते हैं, ऐसे में यह 10 मिनट में बनने वाली सब्जी खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है.
रांची. ठंड का मौसम शुरू हो चुका है. ऐसे में अब सुबह नाश्ते में गरमा-गरम और स्वादिष्ट व्यंजन खाने का मजा ही कुछ और है. ऐसे में आपको एक बार टमाटर की सब्जी जरूर ट्राई करनी चाहिए. जी हां! टमाटर तो वैसे आप सब्जी में अलग से डालते होंगे, लेकिन टमाटर की सब्जी खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है और इसे बनाना भी बेहद आसान है.
रांची की दिव्या बताती हैं कि इसको बनाने के लिए सबसे पहले आप दो टमाटर ले लीजिए. अगर दो लोगों को खाना है, तो दो टमाटर सही हैं. जितने लोग हैं, उस हिसाब से टमाटर ले लीजिए. इसके बाद इन्हें बीच से काट लीजिए और थोड़े से तेल में कटे हुए टमाटरों को कढ़ाई में रख दीजिए. आंच हल्की रखें और कढ़ाई को ढककर 15 मिनट के लिए छोड़ दीजिए.
अब टमाटर को मैश कर दीजिए
15 मिनट बाद आप देखेंगे कि टमाटर पूरी तरह पक चुके हैं. अब मैशर की मदद से टमाटर को मैश कर दीजिए. आप इन्हें कढ़ाई से नीचे उतारकर भी मैश कर सकते हैं. जैसा आपको सही लगे. इसके बाद मैश किए हुए टमाटर को एक अलग बर्तन में रख लीजिए और फिर इसी कढ़ाई में एक चम्मच तेल डालिए. इसमें जीरा, हल्दी, धनिया पाउडर, स्वादानुसार नमक और कटी हुई साग वाली प्याज यानी हरी प्याज डाल दीजिए.
अब सभी चीजों को डालकर अच्छे से फ्राई कर लीजिए. जब ये फ्राई हो जाएं, तो इसमें पहले से मैश करके रखे हुए टमाटर डाल दीजिए. इसके बाद दो से तीन मिनट तक चलाइए. इसे बहुत अधिक नहीं पकाना है, क्योंकि टमाटर पहले से ही पके हुए हैं. दो-तीन मिनट बाद इसमें आधा गिलास पानी डाल दीजिए.
लीजिए, बनकर तैयार है टमाटर की सब्जी
इसके बाद पानी को दो-तीन मिनट तक पका लीजिए. आप देखेंगे कि आपकी टमाटर की सब्जी तैयार है. इसे रोटी या पराठे के साथ खाने पर स्वाद दोगुना हो जाता है. या फिर सिर्फ चावल के साथ भी खा सकते हैं. आपको सब्जी और दाल तक की जरूरत नहीं पड़ेगी. मजे की बात यह है कि इसे बनाना आसान है, समय और सामग्री बहुत कम लगती है और स्वाद में कोई कमी महसूस नहीं होती.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…

