सूरत53 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ड्राइवर ने बच्चे के पकड़ने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा।
गुजरात के सूरत शहर में एक चलती लग्जरी बस से 3 साल का बच्चा दरवाजे से नीचे गिर गया। हालांकि, ड्राइवर की सूझबूझ और तत्परता से उसकी जान बच गई। राजकोट से सूरत आ रही इस बस में मां फोन पर बात करने में व्यस्त थी।
इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते केबिन तक आया गर गेट से नीचे गिर गया। घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हादसा 7 नवंबर का है, जिसका फुटेज अब सामने आया है और वायरल हो रहा है।

बच्चा खेलते-खेलते ड्राइवर के केबिन तक आ पहुंचा था।
दो बच्चों के साथ बस में सफर कर रही थी मां
एक प्राइवेट लग्जरी बस सौराष्ट्र के राजकोट से सूरत आ रही थी। बस में यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। इस बस में एक महिला अपने तीन साल के बेटे और 8 साल की बेटी के साथ सफर कर रही थी। यात्रा के दौरान महिला मोबाइल फोन पर बात करने में इतनी मशगूल हो गई कि उसका ध्यान बेटे से पूरी तरह हट गया। बच्चा एक सीट से दूसरी सीट पर होते हुए ड्राइवर के केबिन तक आ पहुंचा।
तभी बस चालक की नजर बच्चे पर पड़ी। उसने बच्चे की ओर हाथ बढ़ाया। लेकिन एक हाथ में बस का स्टीयरिंग होने के कारण चालक बच्चे तक नहीं पहुंच पाया। इतना ही नहीं, चालक ने बच्चे की ओर हाथ बढ़ाते हुए जोर-जोर से चिल्लाया भी। फिर भी, महिला समेत बस में बैठे किसी भी यात्री ने उसकी आवाज नहीं सुनी। ड्राइवर के हाथ बढ़ाने के दो सेकंड के भीतर ही बच्चा बस के दरवाजे के पास वाली सीट से अपना संतुलन खो बैठा और बस से गिरकर सड़क पर जा गिरा।

ड्राइवर ने बस रोककर यात्रियों को आवाज लगाई। मां दौड़कर बस से नीचे उतरी।
बस के पीछे आ रहे डॉक्टर ने की बच्चे की जांच
घटना के समय बस किम इलाके से गुजर रही थी। ट्रैफिक के चलते बस की स्पीड कम थी। इसके चलते ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस रोक दी और चिल्लाकर अन्य यात्रियों को बुलाया। बस रुकते ही मां दौड़कर बस से नीचे उतरी और बच्चे को उठा लाई।
खुशकिस्मती से बच्चा किसी दूसरे वाहन की चपेट में नहीं आया। बस के पीछे एक डॉक्टर की कार आ रही थी। डॉक्टर ने बच्चे की जांच की और प्रारंभिक जांच में पाया कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। बच्चे को मामूली चोटें आई थीं।

मां बच्चे को उठाकर लाई। इस दौरान बेटी के सिर में भी हल्की चोट लग गई थी।
————————-
ये खबर भी पढ़ें…
शाहजहांपुर में मां की गोद से 10 फीट उछलकर ई-बस की छत पर गिरा बच्चा, सुरक्षित

यूपी के शाहजहांपुर में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे कार और दो बाइकों की टक्कर हुई। मां की गोद में बैठा दो साल का बच्चा उछलकर ई-बस की छत पर गिरा। उसे चोट नहीं आई। हादसे में बच्चे के माता-पिता समेत पांच लोग घायल हुए। सभी को अस्पताल भेजा गया। पूरी खबर पढ़ें…


