बक्सर में छठ महापर्व के दौरान बक्सर के रामरेखा घाट पर पहली बार लेजर शो का आयोजन किया जाएगा।
.
इसके लिए गंगा नदी में 100 फीट ऊंची वाटर स्क्रीन तैयार की जाएगी, जिस पर सूर्य उपासना और छठ पर्व से जुड़े दृश्य दिखाए जाएंगे। नगर परिषद इसकी तैयारी में जुटी है।
कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक के मुताबिक, लेजर शो के माध्यम से घाट पर छठ की छटा प्रदर्शित की जाएगी।
सुरक्षा के लिए 334 मजिस्ट्रेट और 48 क्यूआरटी तैनात
छठ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए जिले में 334 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 59 गश्ती दल और 48 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेंगी। इसके अलावा 18 अधिकारी नियंत्रण कक्ष, 37 घाटों के संपर्क रास्तों, 12 जोनल मजिस्ट्रेट और 32 सुरक्षित मजिस्ट्रेट के रूप में ड्यूटी करेंगे।
डीएम और एसपी ने प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने रामरेखा घाट, सिपाही घाट, महादेवा घाट और रानी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की सफाई, पहुंचने के रास्तों, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने नगर परिषद बक्सर और नगर पंचायत चौसा के अधिकारियों को सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्थानीय गोताखोरों की तैनाती करने को कहा।
वॉच टावर, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
प्रमुख घाटों पर वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाएगी। ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए नाव, प्रशिक्षित गोताखोर, चिकित्सा दल और क्यूआरटी तैनात रहेंगे। अस्पतालों में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है।
घाटों पर पटाखे और निजी नाव चलाने पर रोक
छठ के दौरान घाटों और संपर्क रास्तों पर पटाखे छोड़ने तथा घाटों पर निजी नाव चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। खतरनाक घाटों की पहचान कर वहां लाल फीता लगाया जाएगा। इसके अलावा पुलिस होटल, लॉज, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी निगरानी रखेगी।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य देने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

