Monday, November 16, 2026
Homeफूडहैदराबाद की 50 साल पुरानी चाट दुकान, जहां के स्वाद के दीवाने...

हैदराबाद की 50 साल पुरानी चाट दुकान, जहां के स्वाद के दीवाने हैं चिरंजीवी और राम चरण


Last Updated:

Bajrang Chat Bhandar: हैदराबाद का बजरंग चाट भंडार 1976 से अपने चटपटे जायके से लोगों का दिल जीत रहा है. यहां की भेल पूरी, पाव भाजी, रेनबो सैंडविच और अनोखे फ्यूजन स्नैक्स के दीवाने आम लोगों के साथ टॉलीवुड सुपरस्टार चिरंजीवी, राम चरण और पवन कल्याण जैसे सितारे भी हैं. खास बात यह है कि यहां 60 से 150 रुपए तक में स्वादिष्ट स्नैक्स का मजा लिया जा सकता है.

हैदराबाद. नवाबों के शहर हैदराबाद का स्ट्रीट फूड कल्चर अपनी चटपटी चाट के बिना अधूरा है, तीखी भेल पूरी और कुरकुरी सेव पूरी से लेकर मक्खन से लबालब पाव भाजी और लाजवाब सैंडविच तक, शहर में खाने के शौकीनों के लिए कई मशहूर ठिकाने हैं. इन्हीं में से एक है बशीर बाग स्थित बजरंग चाट भंडार, जो पिछले करीब पांच दशकों से लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. हिमायतनगर की तरफ स्काईलाइन थिएटर के ठीक सामने स्थित यह दुकान अपने विशाल मेन्यू, किफायती दामों और अनोखे फ्यूजन स्नैक्स के लिए जानी जाती है. आजकल के महंगे और चमक-दमक वाले कैफे से अलग, बजरंग चाट भंडार अपनी सादगी के लिए मशहूर है. यहां का पूरा फोकस ग्राहकों को कम समय में ताजा, स्वादिष्ट और पेट भरने वाले स्नैक्स परोसने पर रहता है.

इस आउटलेट की सबसे बड़ी खासियत इसके मेन्यू की विविधता है, यहां पारंपरिक चाट के शौकीनों के लिए सेव पूरी, भेल पूरी, दही पूरी, दही पापड़ी और कटोरी चाट जैसे क्लासिक विकल्प मौजूद हैं. वहीं, सैंडविच लवर्स के लिए यहां प्रयोगों की कोई कमी नहीं है. मेन्यू में शेजवान ग्रिल सैंडविच और चिली चीज ग्रिल सैंडविच के साथ-साथ चॉकलेट सैंडविच और चॉकलेट ब्राउनी ग्रिल सैंडविच जैसे मीठे विकल्प भी शामिल हैं. इसके अलावा, रंग-बिरंगी परतों वाला रेनबो सैंडविच सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है. जबकि आइसक्रीम सैंडविच कुछ नया आजमाने वालों को खूब भाता है. कुरकुरे भेल पूरी, चीज चाइनीज भेल पूरी, पाव भाजी, दाबेली, ढोकला और चटनी पफ भी यहां की पहचान हैं.

टॉलीवुड सितारों के घर भी जाता है यहां का स्वाद
बजरंग चाट भंडार की लोकप्रियता आम लोगों के साथ-साथ तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री टॉलीवुड के दिग्गजों के बीच भी है. दुकान से जुड़े एक प्रतिनिधि ने बताया कि उनकी टीम कई मशहूर हस्तियों के घरों पर आयोजित खास समारोहों में कैटरिंग कर चुकी है. हाल के त्योहारों के दौरान उनकी टीम ने मेगास्टार चिरंजीवी, पवन कल्याण, राम चरण और उनकी पत्नी के लिए विशेष व्यंजन परोसे. इससे पहले एक दिवाली जश्न में अभिनेता राणा दग्गुबाती के लिए भी यहां से ग्रिल्ड सैंडविच, चाइनीज भेल, दही पूरी, दही पापड़ी और पाव भाजी तैयार की गई थी. बेहतरीन स्वाद के साथ-साथ इसकी किफायती कीमतें भी ग्राहकों को आकर्षित करती हैं, यहां के ज्यादातर स्नैक्स 60 रुपये से 150 रुपये के बीच उपलब्ध हैं, जो इसे छात्रों और परिवारों के लिए एक बेहतरीन बजट-फ्रेंडली अड्डा बनाता है. साल 1976 से सेवा दे रहा यह पुराना फूड जॉइंट आज भी हैदराबाद के स्ट्रीट फूड प्रेमियों के लिए खास बना हुआ है.

About the Author

मोनाली पाल

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…

और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments