Sunday, November 15, 2026
Homeविदेशअमेरिका के मियामी एयरपोर्ट पर दो विमान टकराए: 2 यात्री घायल,...

अमेरिका के मियामी एयरपोर्ट पर दो विमान टकराए: 2 यात्री घायल, 172 लोग सवार थे; पैसेंजर प्लेन का पंख कार्गो विमान के अगले हिस्से से टकराया


7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

हादसे में पैसेंजर प्लेन के विंग और कार्गो प्लेन की नोज को नुकसान पहुंचा है।

अमेरिका के मियामी एयरपोर्ट पर शनिवार रात दो विमान टकरा गए। पनामा सिटी से आया कोपा एयरलाइंस का यात्री विमान एयरपोर्ट पर आगे बढ़ रहा था, तभी उसका पंख UPS के कार्गो विमान के अगले हिस्से से टकरा गया।

हादसे में यात्री विमान में सवार 2 लोग मामूली घायल हो गए। विमान में 166 यात्री और 6 क्रू मेंबर समेत 172 लोग थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हादसे के बाद कार्गों प्लेन के आगे का हिस्सा पिचक गया।

हादसे के बाद कार्गों प्लेन के आगे का हिस्सा पिचक गया।

टक्कर के वक्त दोनों विमान टैक्सीवे पर चल रहे थे

हादसा अमेरिकी समय मुताबिक रात करीब 9:15 बजे हुआ। उस समय दोनों विमान एयरपोर्ट के टैक्सीवे पर चल रहे थे। UPS का कार्गो विमान कोलंबिया के बोगोटा जाने के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।

टक्कर के तुरंत बाद कोपा एयरलाइंस के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को बताया, ‘किसी ने हमारे विमान को टक्कर मार दी है।’ इसके बाद कंट्रोल टावर ने UPS के पायलट से पूछा कि क्या उनके विमान की दूसरे विमान से टक्कर हुई है।

इस पर UPS के पायलट ने जवाब दिया, ‘हां, हम थोड़ा आगे निकल गए थे। इसके बाद दूसरे विमान का पंख हमारे विमान से टकरा गया।’ कुछ देर बाद कोपा के पायलट ने बताया कि उनके विमान का बायां पंख भी टूटा हुआ लग रहा है।

यात्री बोले- टक्कर से विमान अचानक एक तरफ मुड़ गया

कोपा एयरलाइंस के यात्री सीजर फरेरा ने CNN को बताया कि विमान सामान्य रफ्तार से एयरपोर्ट पर आगे बढ़ रहा था। तभी अचानक यात्रियों की आवाजें तेज होने लगीं। इसके बाद लोगों के चीखने की आवाज आई और दूसरे विमान के टकराने का झटका महसूस हुआ।

उन्होंने बताया कि टक्कर लगते ही विमान अचानक एक तरफ झटका खाकर मुड़ गया। कुछ यात्री घबरा गए, लेकिन क्रू मेंबर्स ने तुरंत सभी को अपनी सीटों पर बैठे रहने के लिए कहा।

कोपा एयरलाइंस ने बताया कि विमान को टर्मिनल तक लाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। दो यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं। बाकी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। कंपनी ने जांच में अधिकारियों का सहयोग करने की बात कही है।

UPS ने भी अपने विमान के क्रू मेंबर्स के सुरक्षित होने की पुष्टि की है। कंपनी ने कहा कि वह हादसे की वजह जानने के लिए अधिकारियों के साथ काम करेगी।

फ्लाइट रडार की ओर से जारी मैप में दोनों विमानों के बीच टक्कर देखी जा सकती है।

फ्लाइट रडार की ओर से जारी मैप में दोनों विमानों के बीच टक्कर देखी जा सकती है।

दो महीने पहले भी इसी एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा हुआ था

मियामी एयरपोर्ट पर यह घटना करीब दो महीने पहले हुए एक बड़े हादसे के बाद हुई है। 6 सितंबर को सैन जुआन, प्यूर्टो रिको से आया अमेजन का कार्गो विमान रनवे से आगे निकल गया था। विमान एयरपोर्ट की बाउंड्री तोड़कर दो गाड़ियों से टकरा गया और उसमें आग लग गई थी। हादसे में 5 लोगों की मौत हुई थी और 5 घायल हुए थे।

जांच में सामने आया था कि विमान के पायलट ने लैंडिंग रोकने की कोशिश की थी, लेकिन विमान रनवे से आगे निकल गया।

मियामी शहर में एयरपोर्ट पर प्लेन लैंडिंग के बाद रनवे से बाहर निकल गया और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से टकरा गया था।

मियामी शहर में एयरपोर्ट पर प्लेन लैंडिंग के बाद रनवे से बाहर निकल गया और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से टकरा गया था।

अमेरिका में फ्लाइट्स का संकट भी जारी

यह टक्कर ऐसे समय हुई, जब अमेरिका में शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में खराबी के कारण हजारों उड़ानें प्रभावित हुई थीं। सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह देश में सबसे लंबे समय तक चला फ्लाइट ग्राउंड स्टॉप बताया गया।

अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने रेडियो सिस्टम में खराबी के बाद देशभर में उड़ानों पर रोक लगा दी थी। इसी सिस्टम से एयर ट्रैफिक कंट्रोलर पायलटों को निर्देश देते हैं।

करीब 5 घंटे तक चली इस रुकावट के कारण शुक्रवार से 20 हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। अधिकारियों को शक है कि सरकारी ठेकेदार L3Harris के लगाए एक राउटर में खराबी के कारण यह समस्या आई।

FAA प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने कहा कि एयरलाइंस को उम्मीद है कि रविवार के कारोबारी दिन के अंत तक उड़ानों का समय फिर से सामान्य हो जाएगा।

————————-

ये खबर भी पढ़ें….

तांबे की तार बदलने से अमेरिका में लगी एयर इमरजेंसी:राउटर की खराबी से ठप हुआ एयर ट्रैफिक सिस्टम, 2 दिन में 15 हजार फ्लाइट्स कैंसिल

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को सुधारने के लिए पुरानी तांबे की तारों को फाइबर केबल से बदला जा रहा था। इसी दौरान एक राउटर में खराबी आ गई। इससे एयर ट्रैफिक कंट्रोल का कम्युनिकेशन सिस्टम बिगड़ गया और शुक्रवार को पूरे अमेरिका में करीब 5 घंटे तक उड़ानें रोकनी पड़ीं। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments