ट्रांसफॉर्म भारत समिट-2026 में पहुंचे दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान हासिल करना या व्यक्तिगत सफलता पाना नहीं, बल्कि चरित्र, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भाव का विकास करना भी होना चाहिए।
.
नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी के बिना अर्जित ज्ञान का इस्तेमाल विनाशकारी कार्यों में भी हो सकता है। इसलिए राष्ट्र निर्माण के लिए मूल्य आधारित शिक्षा जरूरी है।
विजेंद्र गुप्ता सोमवार को ग्लोबल मैत्री फेस्टिवल के तहत आयोजित ट्रांसफॉर्म भारत समिट-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा ऐसी होनी चाहिए, जो युवाओं को संस्कारवान बनाने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी का भी अहसास कराए।
आध्यात्मिकता के महत्व पर गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान जहां शारीरिक बीमारियों का उपचार करता है, वहीं आध्यात्मिकता मानसिक द्वंद्व और आंतरिक पीड़ा से बाहर निकलने का मार्ग दिखाती है।
उन्होंने मैत्री दादा की सोच और मैत्रीबोध परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर समाज के निर्माण के लिए व्यक्ति का समग्र विकास जरूरी है।
विकसित भारत का नेतृत्व करेंगे आज के युवा
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। वर्ष 2047 में देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी। इसलिए युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नैतिकता और समाज के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करना आवश्यक है।

