Tuesday, November 17, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशबुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या, खेत में मिला शव: बॉडी...

बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या, खेत में मिला शव: बॉडी से जेवर गायब; दो डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम, वीडियोग्राफी भी कराई – Farrukhabad News




फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में खेत में मिले 69 साल की राममूर्ति के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। सोमवार दोपहर उनका शव घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में मिला था। मंगलवार शाम 3 बजे के बाद दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। परिजनों के मुताबिक, महिला के कानों के कुंडल, नाक की लौंग और पायल गायब थे। करीब 5 हजार रुपए भी नहीं मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लकड़ियां इकट्ठा करने खेत गई थीं राममूर्ति गांव भगोरा निवासी राममूर्ति सोमवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत गई थीं। कुछ दिन पहले ही खेत को जेसीबी से ठीक कराया गया था। बताया गया कि वह वहां लकड़ियां इकट्ठा करने गई थीं। दोपहर करीब ढाई से 3 बजे के बीच उनका सबसे छोटा बेटा नन्हेंलाल ट्रैक्टर-ट्रॉली से वहां से निकला। उसने मां को खेत में पड़ा देखा और अपने भाइयों को सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। गले में मिला था गमछे का फंदा परिजनों के मुताबिक, राममूर्ति के गले में गमछे का फंदा मिला था। उनके कानों के कुंडल, नाक की लौंग और पायल गायब थे। करीब 5 हजार रुपए भी नहीं मिले। इस आधार पर बेटों ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई थी। सूचना पर थाना पुलिस, मोहम्मदाबाद के सीओ और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने जांच के लिए नमूने जुटाए। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तीसरे नंबर के बेटे के साथ रहती थीं मृतका के बड़े बेटे रामशरण ने बताया कि वे पांच भाई हैं। उनकी मां अधिकतर तीसरे नंबर के भाई मुकेश के साथ रहती थीं। मुकेश की शादी नहीं हुई है। हालांकि मां का अन्य बेटों के घर भी आना-जाना रहता था और वह उनके साथ खाना-पीना भी करती थीं। रामशरण के मुताबिक, गांव में परिवार की किसी से रंजिश नहीं है। मां अपने आधार कार्ड और रुपए भी अपने पास रखती थीं। उन्होंने बताया कि सबसे पहले छोटे भाई नन्हेंलाल और भतीजे ने मां को खेत में पड़ा देखा था। परिवार को किसी पर शक नहीं है। इसी वजह से अब तक थाने में तहरीर भी नहीं दी गई है। पुलिस ने कब्जे में लिया डीवीआर परिजनों ने बताया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस ने उनकी फुटेज खंगाली है और डीवीआर कब्जे में ले लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम लगाई गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments