Last Updated:
Jamshedpur Famous Masala Lemon Tea: जमशेदपुर के दोमुहानी संगम के पास स्थित दुर्गा जी के स्टॉल पर मिलने वाली खास मसाला लेमन टी लोगों को खूब पसंद आ रही है. सात-आठ मसालों, नींबू और शहद से तैयार इस अनोखी चाय की कीमत मात्र 10 रुपये है.
जमशेदपुर. अच्छा तो आपने कई तरह की चाय पी होगी, लेकिन क्या कभी मसाला लेमन टी का स्वाद चखा है? अगर नहीं, तो आपको जमशेदपुर के दोमुहानी संगम के ठीक समीप जरूर पहुंचना चाहिए. यहां दुर्गा जी का खास मसाला लेमन टी स्टॉल देखने को मिलेगा, जहां मिलने वाली चाय का स्वाद आम चाय से बिल्कुल अलग है. इस चाय को बनाने का तरीका भी काफी खास है. यही वजह है कि हाईवे किनारे स्थित इस छोटे से स्टॉल पर चाय पीने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं.
7-8 मसालों से होती है तैयार
इस खास चाय की सबसे बड़ी विशेषता इसमें इस्तेमाल होने वाले 7 से 8 प्रकार के मसाले हैं. चाय बनाने की शुरुआत काले नमक और घर में तैयार किए गए खास मसालों से होती है. इसके बाद इसमें मिर्च का रस, अनार, अदरक और पुदीना मिलाया जाता है. फिर इसमें ताजा नींबू का रस और शहद डाला जाता है. आखिर में तैयार लाल चाय को इसमें मिलाकर अच्छी तरह से तैयार किया जाता है. इन सभी चीजों के मिश्रण से एक ऐसा स्वाद तैयार होता है, जो सामान्य चाय से काफी अलग और मजेदार होता है.
खट्टी-मीठी चाय
इस चाय में जहां नींबू और अनार का हल्का खट्टापन मिलता है, वहीं अदरक, पुदीना और मसालों की वजह से इसका स्वाद और भी खास हो जाता है. शहद इसकी मिठास को संतुलित करता है. पहली बार पीने वाले लोगों के लिए इसका स्वाद थोड़ा अलग जरूर हो सकता है, लेकिन एक बार इसका स्वाद चखने के बाद लोग दोबारा यहां पहुंचते हैं.
स्टॉल संचालक के अनुसार, इस चाय को खास मसालों और अलग-अलग सामग्रियों के मिश्रण से तैयार किया जाता है. उनका प्रयास रहता है कि ग्राहकों को कम कीमत में कुछ अलग और नया स्वाद मिल सके. यही कारण है कि यहां सुबह से ही चाय पीने वालों की आवाजाही शुरू हो जाती है.
कीमत केवल 10 रुपये
अगर आप भी जमशेदपुर में रहते हैं और रोजाना की सामान्य चाय से हटकर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो दोमुहानी संगम के समीप इस स्टॉल पर पहुंच सकते हैं. सबसे खास बात यह है कि इतनी सारी सामग्रियों से तैयार होने वाली इस मसाला लेमन टी की कीमत महज 10 रुपये है. स्टॉल सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहता है. हालांकि, इस चाय को पीने से खांसी या गैस जैसी समस्याएं ठीक होने का दावा चिकित्सकीय रूप से प्रमाणित नहीं है, लेकिन स्वाद के शौकीनों के लिए यह एक अलग अनुभव जरूर हो सकता है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…

