रायपुरिया में देवउठनी ग्यारस के अवसर पर शुक्रवार देर रात श्रीराम मंदिर प्रांगण में भगवान शालिग्राम और तुलसी मैया का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में बेटी के विवाह जैसा उल्लास देखने को मिला। सुबह से ही महिलाओं ने विवाह की तैयारियां शुरू कर दी थीं। पूरे दिन मंदिर परिसर में पूजन और विवाह की रस्में निभाई गईं। इस दौरान महिलाएं मंगल गीत गाती रहीं। सुबह श्रीराम मंदिर परिसर में गणेश पूजन के साथ विवाह की रस्मों की शुरुआत हुई। इसके बाद तुलसी मैया को वाने बिठाया गया और हल्दी की रस्म निभाई गई। विवाह के लिए गन्ने का मंडप सजाया गया। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से विवाह की तैयारियां पूरी कीं। बग्गी में निकला बनोला, भजनों पर झूमीं महिलाएं शाम को भगवान शालिग्राम और तुलसी मैया का बनोला निकाला गया। दोनों को बग्गी में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। बैंड-बाजे और भजनों की धुन पर महिलाएं नाचते-गाते हुए बनोले में शामिल हुईं। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। रात करीब 8 बजे तुलसी मैया को सीचौनी दी गई। इसके साथ ही दहेज स्वरूप पांच चांदी की रकम, पांच बर्तन और गादी भेंट की गई। इसके बाद कन्यादान की रस्म निभाकर भगवान शालिग्राम और तुलसी मैया का विवाह संपन्न कराया गया। तुलसी विवाह के बाद शुरू होते हैं मांगलिक कार्य पंडित जितेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि सनातन परंपरा के अनुसार सबसे पहले तुलसी मैया और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। इसके बाद सर्व समाज में विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। आयोजन में महिलाओं ने मंगल गीत गाए और सभी रस्में उत्साह के साथ निभाईं।
Source link
देवउठनी ग्यारस पर बैंड-बाजे के साथ निकला बनोला: भजनों पर नाचीं महिलाएं; पंडित बोले-शालिग्राम-तुलसी विवाह के बाद मांगलिक कार्य शुरू – Jhabua News
RELATED ARTICLES

