Last Updated:
FSSAI Action : खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने बिसलेरी के पानी में हानिकारक केमिकल मिलने और जांच में नमूना फेल होने के बाद मुकदमा दर्ज करने की अनुमति दे दी है. कंपनी ने एक बार जांच में नमूना फेल होने के बाद दोबारा जांच कराने की गुहार लगाई थी, लेकिन इस बार भी नमूने की जांच फेल हो गई. इसके बाद कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है.
एफएसएसएआई ने बिसलेरी के पानी के नमूनों की जांच की थी.
नई दिल्ली. खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. कंपनी के बोतलबंद पानी का नमूना जांच में असुरक्षित पाया गया था. एफएसएसएआई ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफारॅर्म एक्स पर पोस्ट में बताया कि जांच के लिए बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (मिनरल वाटर को छोड़कर) का नमूना लिया गया था, जो पूरी तरह फेल पाया गया.
एफएसएसएआई ने कहा कि नमूना ब्रोमेट की निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया. कंपनी की अपील के बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए दूसरी खाद्य प्रयोगशाला में भेजा गया. इस प्रयोगशाला ने भी उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए जाने के कारण असुरक्षित घोषित कर दिया गया. नियामक ने कहा कि प्रयोगशाला की जांच में कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया. इसके आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है.
एफएसएसएआई ने बिसलेरी पर मुकदमा करने की अनुमति दे दी है.
अन्य कंपनियों पर भी शिकंजा
एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया पोस्ट में वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी सहित कुछ अन्य कंपनियों के खिलाफ भी मुकदमा शुरू करने की मंजूरी दे दी है. नियामक ने नियमों का पालन नहीं करने पर उर्मी लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर का लाइसेंस निलंबित कर दिया है. साथ ही एफएसएसएआई ने आशा कन्फेक्शनरी को उत्पाद वापस लेने का आदेश भी दिया है. कंपनी को उसके ‘प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज’ बाजार से वापस लेने को कहा गया है, क्योंकि जांच में ये सभी असुरक्षित पाए गए थे. इस कैलेंडर वर्ष में एफएसएसएआई ने खाद्य कारोबार करने वाली कंपनियों और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई काफी तेज कर दी है. इससे पहले खाद्य नियामक ने दिवाली त्योहारों के दौरान दिल्ली-मुंबई सहित देश के तमाम शहरों में नकली मावे के खिलाफ अभियान चलाया था. फूड रेगुलेटर ने तमाम कंपनियों के खाने-पीने की चीजों पर प्रतिबंध लगा दिया और उन्हें बाजार से वापस लेने का भी आदेश दिया था. जांच की इस कड़ी में अब बिसलेरी का नाम भी आ गया है और उसे मुकदमे का सामना करना होगा.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…

