जालौर. सर्दियों की शुरुआत होते ही दादी-नानी की रसोई में ऐसी देसी मिठाइयां बनने लगती हैं, जो स्वाद के साथ शरीर को गर्माहट और ऊर्जा देने के लिए भी जानी जाती हैं. इन्हीं में से एक है गोंदपाक. घी, गोंद, आटा, मेवे और गुड़ से तैयार होने वाली यह पारंपरिक मिठाई सर्दियों में खास तौर पर बनाई जाती है. इसे कमजोरी और थकान के समय खाने की परंपरा रही है. वहीं गोंद और मेवों की वजह से इसे हड्डियों और जोड़ों के लिए भी पारंपरिक तौर पर उपयोगी माना जाता है.
जालोर में सर्दियां शुरू होते ही गोंदपाक बनाने की तैयारी शुरू हो जाती है, इसकी खासियत सिर्फ इसके पारंपरिक स्वाद में नहीं, बल्कि इसे बनाने के तरीके में भी है. इसमें इस्तेमाल होने वाली हर सामग्री अपने आप में खास स्वाद देती है. गुड़ इसकी मिठास बढ़ाता है, वहीं काली मिर्च हल्का तीखापन देती है. नारियल का बुरादा और मेवे इसके स्वाद और बनावट को और खास बना देते हैं. इसे बनाने वाली दादी पुष्पादेवी ने बताया कि गोंदपाक हम सर्दियों में बनाते हैं.
इसे बनाने की विधी है बेहद आसान
इसमें आटा, गोंद, काजू, बादाम, अखरोट, पिस्ता, नारियल और काली मिर्च डालते हैं. गुड़ डालने से इसका स्वाद बहुत अच्छा आता है. इसे घर में सब लोग पसंद से खाते हैं और सर्दियों में शरीर को गर्माहट भी मिलती है. इसे बनाने के लिए गेहूं का आटा, काजू, बादाम, अखरोट, पिस्ता, नारियल का बुरादा, काली मिर्च, गोंद और गुड़ लिया जाता है. सबसे पहले कढ़ाई में घी गर्म किया जाता है और इसमें सभी ड्राई फ्रूट्स को हल्का सा भूनकर बाहर निकाल लिया जाता है. इसके बाद इसी कढ़ाई में गोंद डालकर अच्छी तरह फुलाया जाता है. गोंद फूलकर कुरकुरा हो जाए तो इसे निकालकर ठंडा किया जाता है और फिर बारीक पीस लिया जाता है. अब कढ़ाई में गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भुना जाता है. आटा पकने के बाद इसमें बारीक पिसा हुआ गोंद, काली मिर्च और नारियल का बुरादा डालकर मिलाया जाता है. इसके बाद पहले से भुने हुए काजू, बादाम, अखरोट और पिस्ता इसमें डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स किया जाता है.
इसके बाद गरम घी में गुड़ डालकर उसकी चाशनी तैयार की जाती है, गुड़ की चाशनी को तैयार मिश्रण में डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है. चाशनी मिलते ही सभी सामग्री मिल जाती है और इसमें गुड़ की खास देसी मिठास और खुशबू आने लगती है. अब एक थाली में घी लगाकर तैयार मिश्रण को अच्छी तरह फैला दिया जाता है. इसे कुछ देर जमने के लिए रखा जाता है। जब गोंदपाक अच्छी तरह जम जाए तो इसे मनचाहे आकार में काट लिया जाता है. तैयार गोंदपाक में गुड़ की मिठास, मेवों का स्वाद, नारियल की खुशबू और काली मिर्च का हल्का तीखापन एक साथ मिलता है. यही इसका खास स्वाद है, जो इसे सर्दियों की दूसरी मिठाइयों से अलग बनाता है. गोंदपाक को सर्दियों में पारंपरिक तौर पर गर्माहट और ऊर्जा देने वाली मिठाई माना जाता है. वहीं गोंद और मेवों से तैयार होने की वजह से इसे हड्डियों की मजबूती और जोड़ों के लिए भी पारंपरिक तौर पर उपयोगी माना जाता है.

